कासगंज में दिल दहला देने वाला हादसा: कैंटर ने दंपती और मासूम को कुचला, तीनों की मौत

कासगंज में तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार दंपती और उनके डेढ़ साल के बच्चे को कुचल दिया। तीनों की मौके पर मौत हो गई। परिवार शादी से लौट रहा था। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 April 2026, 5:24 AM IST

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज में रविवार शाम एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार एक परिवार को इतनी बेरहमी से कुचल दिया कि पति, पत्नी और उनके डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। खुशियों से भरा परिवार शादी समारोह से लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही मौत उनका इंतजार कर रही थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका गमगीन हो गया।

शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पटियाली क्षेत्र के गांव रम्पुरा निवासी 30 वर्षीय सोमवीर अपनी पत्नी अमिता (27) और डेढ़ साल के बेटे शिवा के साथ बदायूं जनपद के रजलामऊ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद रविवार को तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

कादरगंज पुल पर बना काल

शाम करीब 4 बजे जब यह परिवार सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के कादरगंज गंगा पुल पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और कैंटर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिकंदरपुर वैश्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों को पटियाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चालक फरार, जांच जारी

हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा

सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया। पटियाली के नायब तहसीलदार मुकेश कुमार और कोतवाली प्रभारी अजयवीर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Location :  Kasganj

Published :  27 April 2026, 5:24 AM IST