Balrampur: अवैध पैथोलॉजी केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग का हंटर, सादुल्लानगर में तीन लैब सील
Balarampur: सादुल्लानगर में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सेंटरों को सील कर दिया। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से अवैध संचालकों में हड़कंप मच गया है।
सादुल्लानगर में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए(Source: Google)
Balrampur: जनपद में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा केंद्रों के विरुद्ध मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने सादुल्लानगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले तीन पैथोलॉजी सेंटरों को मौके पर सील कर दिया, जबकि एक अन्य केंद्र को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के दिशा-निर्देशन में गठित टीम, जिसका नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव और राजेश हंस पटल ने किया, ने क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह पाया गया कि अर्पित पैथोलॉजी (मददो भठ्ठा), राज पैथोलॉजी और कृष्णा पैथोलॉजी बिना किसी आधिकारिक पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे।
इन केंद्रों के संचालकों द्वारा बिना वैध दस्तावेजों के पैथोलॉजी कार्य करना गंभीर लापरवाही और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ माना गया, जिसके चलते टीम ने तत्काल प्रभाव से इन सेंटरों को बंद कर उन्हें सील कर दिया। इसके अतिरिक्त, एस एस खून जांच/पथकिंड सेंटर में भी कमियां पाए जाने पर उसे नोटिस जारी किया गया है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में बिना पंजीकरण या स्वास्थ्य विभाग के मानकों के विपरीत चल रहे किसी भी अस्पताल या लैब को संचालित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि ऐसे फर्जी संस्थानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की इस सक्रियता से अवैध संचालक खंड में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने सभी संचालकों को चेतावनी दी है कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।