
रसोइयों का बढ़ा मानदेय (IMG: Dynamite News)
Hathras: प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के मानदेय में शासन ने 1 हजार रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। इसके साथ ही रसोइयों को ड्रेस के लिए दी जाने वाली धनराशि 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है। रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर और जिलाधिकारी अतुल वत्स ने रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय के डेमो चेक तथा प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।
कार्यक्रम में विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर ने मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने पर रसोइयों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रसोइयों को 1,000 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर पहले 2,000 रुपये किया गया और अब इसमें 1,000 रुपये की और वृद्धि की गई है। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि रसोइयों को आयुष्मान कार्ड की तर्ज पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके तहत पात्र रसोइया प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का उपचार कैशलेस करा सकेंगी। उन्होंने रसोइयों से चिकित्सा कार्ड को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर इसका लाभ उठाने की अपील की। विधायक ने रसोइयों से संवाद कर उनके कार्य और दिनचर्या की जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि रसोइयां विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता और अनुशासन का संदेश भी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि रसोइयों की मेहनत और सेवाओं के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है। आर्थिक सशक्तीकरण से महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ती है और वे अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम होती हैं। जिलाधिकारी ने सभी रसोइयों को बधाई दी।
Hathras: हाथरस में दबंगों की करतूत से शर्मसार हुई मानवता, सरेआम युवक के साथ घिनौनी हरकत
कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में किया गया, जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान रसोइयों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं की भी घोषणा की गई। दुर्घटना की स्थिति में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि दिए जाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रधानमंत्री पोषण योजना से जुड़े रसोइये मौजूद रहे।
Location : Hathras
Published : 23 August 2026, 7:08 PM IST
Topics : hathras news PM Poshan Yojana Rasoiya Honorarium Rasoiya Salary Increase SBI Accident Assistance