हाथरस के स्कूलों में सख्ती की घंटी: डीएम ने कहा, लापरवाही और अनियमितता पर होगी कार्रवाई

हाथरस के कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 3:42 PM IST

Hathras: उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय पारदर्शिता और कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा

शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। विभाग को प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए तथा समग्र शिक्षा अभियान के तहत सामग्री की खरीद शासनादेश और वित्तीय नियमों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें: Hathras: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 11,190 नए वोटरों को मिला मौका; जानें पूरा आंकड़ा

डीएम सत्य प्रकाश पटेल (Img: Dynamite News)

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को वित्तीय अभिलेखों और पत्रावलियों का व्यवस्थित रखरखाव करने तथा ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रसोइयों और अन्य कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान समय से करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें: Hathras Police Transfer: हाथरस में तीन थानों के प्रभारी बदले, एसपी ने जारी किए तैनाती आदेश

गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर शैक्षणिक माहौल देने पर जोर

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील वितरित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में तैयार होने वाले भोजन और संबंधित एजेंसियों से मिलने वाले मिड-डे मील की समय-समय पर जांच कराई जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन मिल सके।

डीएम सत्य प्रकाश पटेल (Img: Dynamite News)

किंडरगार्डन व्यवस्था को बढ़ावा दिया

उन्होंने विद्यालयों में किंडरगार्डन व्यवस्था को बढ़ावा देने और बच्चों को शुरुआती स्तर से ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा निजी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराने को कहा। निर्धारित मानकों और आवश्यक शर्तों का पालन नहीं करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य, जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  21 November 2026, 3:42 PM IST