Haldwani News: जंगल की खामोशी में छुपा एक खौफनाक राज… पुलिस जांच ने सभी को चौंकाया

हल्द्वानी-लालकुआं मार्ग के टांडा जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 June 2025, 1:35 PM IST
google-preferred

हल्द्वानी: हल्द्वानी-लालकुआं मार्ग के टांडा जंगल में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार की शाम जैसे ही यह सूचना पुलिस को मिली, हलचल मच गई। रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की खबर पर कोतवाल राजेश कुमार यादव और टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव जंगल में सड़क से लगभग एक किलोमीटर भीतर मिला।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,  पुलिस के मुताबिक, मृत युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि शव पर विशेषकर सिर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया।

घटनास्थल पर मिली ये सारी चीजे

फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। घटनास्थल से खून के धब्बे, मिट्टी के नमूने, और मृतक के कपड़ों के टुकड़े एकत्र किए गए हैं। पुलिस आसपास के दुकानदारों, ग्रामीणों और राहगीरों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि कोई सुराग हाथ लग सके।

अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने दी ये जानकारी

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने जानकारी दी कि शव एक दिन पुराना लग रहा है। टांडा बैरियर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि कोई संदिग्ध वाहन या व्यक्ति उस समय जंगल की तरफ गया था या नहीं।

पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है। फिलहाल इलाके में डर और अनिश्चितता का माहौल है। लोगों में चर्चा है कि अगर यह हत्या है, तो आखिर वह कौन था जिसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और क्यों?

Location :  Haldwani

Published :  13 June 2025, 1:35 PM IST

Advertisement