‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजा ग्रेटर नोएडा, हरिद्वार से 221 लीटर गंगाजल लेकर पहुंचा मन्नू गुर्जर, जानें क्या है मनोकामना?

ग्रेटर नोएडा के खैरपुर गुर्जर गांव निवासी मन्नू गुर्जर 221 लीटर गंगाजल लेकर 70 दिन की यात्रा के बाद बादलपुर पहुंचे। हरिद्वार से शुरू हुई इस कांवड़ यात्रा का उद्देश्य गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को आगे बढ़ाना बताया गया। पुलिस ने कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 August 2026, 4:26 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक अनोखी कांवड़ यात्रा लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। खैरपुर गुर्जर गांव निवासी मन्नू गुर्जर 221 लीटर गंगाजल लेकर करीब 70 दिन की लंबी यात्रा पूरी करने के बाद बादलपुर पहुंचे। उनके साथ 50 शिव भक्तों का जत्था भी मौजूद था। बादलपुर पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया और माला पहनाकर उनका सम्मान किया। इस दौरान पूरा माहौल ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा।

25 मई को हरिद्वार से उठाया था गंगाजल

जानकारी के मुताबिक, मन्नू गुर्जर और उनके साथी 22 मई को खैरपुर गुर्जर गांव से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद 25 मई को हरिद्वार से गंगाजल उठाकर उन्होंने अपनी यात्रा शुरू की। करीब 70 दिनों तक लगातार यात्रा करने के बाद शुक्रवार देर रात उनका जत्था गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर पहुंचा। जत्थे में शामिल लोगों का दावा है कि 221 लीटर गंगाजल लेकर चलना अब तक की सबसे बड़ी कांवड़ यात्राओं में से एक है। इतनी बड़ी मात्रा में जल लेकर यात्रा करना उनके लिए आस्था और संकल्प का प्रतीक है।

गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने का संकल्प

मन्नू गुर्जर ने बताया कि इस यात्रा के पीछे उनका मुख्य उद्देश्य गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने की मांग को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जब तक गौ माता को यह सम्मान नहीं मिलता, तब तक उनका अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी नहीं है, बल्कि एक संकल्प के साथ शुरू की गई है, जिसके जरिए वह अपनी मांग को लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

पुलिस ने किया कांवड़ियों का भव्य स्वागत

बादलपुर पहुंचने पर पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ियों का स्वागत किया गया। पुलिसकर्मियों ने उन पर फूल बरसाए और माला पहनाकर उनका सम्मान किया। पुलिस के इस स्वागत से शिव भक्तों में खुशी देखने को मिली। जत्थे में शामिल 50 शिव भक्तों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ग्रेटर नोएडा पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में प्रवेश करते ही पुलिस प्रशासन ने उनका सम्मान किया और पूरी यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से सहयोग मिला।

कांवड़ व्यवस्था की भी की तारीफ

कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। 70 दिन की कठिन यात्रा पूरी कर बादलपुर पहुंचे इस जत्थे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी जुटे और शिव भक्तों के इस संकल्प की सराहना की है।

Location :  Greater Noida

Published :  8 August 2026, 4:26 PM IST