गोरखपुर में 21 अक्टूबर से यूपी स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज, 400 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

गोरखपुर के खोराबार स्थित शटलएक्स एकेडमी में 21 अक्टूबर से शुरू होगी यूपी स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026। अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में हिस्सा लेंगे 400 से अधिक खिलाड़ी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 October 2026, 4:19 PM IST

Gorakhpur: खेल प्रतिभाओं को प्रदेश स्तरीय मंच देने के उद्देश्य से गोरखपुर में 21 अक्टूबर से योनेक्स सनराइज यूपी स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आगाज होगा। खोराबार स्थित शटलएक्स बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 400 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ी अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन करेंगे। इसी अवसर पर वह गोरखपुर की पहली पांच कोर्ट वाली बैडमिंटन एकेडमी का उद्घाटन भी करेंगे।

सोमवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में गोरखपुर जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ से संबद्ध गोरखपुर जिला बैडमिंटन संघ के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप में एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कुल एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

पांच कोर्ट वाली एकेडमी में होगा मुकाबला

देवरिया रोड स्थित खोराबार की शटलएक्स बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता गोरखपुर के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पांच कोर्ट की सुविधा से एक साथ कई मुकाबले आयोजित करने में मदद मिलेगी। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन से गोरखपुर को प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में मुख्य ड्रॉ के मैच होंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी आयोजकों की ओर से की जा रही है।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए होगा टीम का चयन

इस प्रतियोगिता का महत्व पुरस्कार राशि तक सीमित नहीं है। यहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की सब जूनियर बैडमिंटन टीम का चयन भी किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की ओर से चयन समिति भेजी जा रही है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 नवंबर से पांच दिसंबर 2026 तक बेंगलुरु, कर्नाटक में आयोजित होनी है। ऐसे में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए यह चैंपियनशिप राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाने का अहम अवसर होगी।

तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता का प्रायोजन सेंट ज्यूड्स स्कूल, गोरखपुर के प्रधानाचार्य एवं निदेशक डेविट सिरिल तथा सह-प्रायोजक के रूप में एआरपी फुटवियर कर रहा है। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की ओर से तकनीकी अधिकारियों और अंपायरों का पैनल भेजा गया है। गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव को मुख्य निर्णायक (रेफरी) तथा सहारनपुर के मनीष कुमार को मैच कंट्रोलर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके साथ 13 अन्य अंपायर भी मुकाबलों का संचालन करेंगे।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 October 2026, 4:19 PM IST