गगहा क्षेत्र में बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतरी; ग्रामीणों और अभिभावकों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में उतर गई। राहत की बात यह रही कि बस पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बस में सवार बच्चों में घबराहट और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए निकली थी। जब बस गगहा थाना क्षेत्र में भैसहा और नेवादा गांव के बीच पहुंची, तभी अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण बस सड़क से नीचे उतरकर खेत की ओर बने गड्ढे में जा फंसी।
अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे डर के कारण रोने लगे और बस के अंदर शोर-शराबा शुरू हो गया। कुछ समय के लिए वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बस निर्धारित समय से करीब 40 मिनट तक बच्चों को घर नहीं पहुंचा सकी। जब बच्चों के घर देर से पहुंचने की खबर मिली तो अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने सूचना दी कि स्कूल बस सड़क से नीचे उतर गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक मौके पर पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।
घटना के बाद अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि स्कूल हर महीने भारी फीस वसूलता है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। अभिभावकों का कहना है कि बस तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी और चालक की लापरवाही से यह घटना हुई।
अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार स्कूल बसों की स्थिति और चालकों की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।