
हजारों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद पूर्वांचल के लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। अब इस एक्सप्रेसवे के जरिए गोरखपुर से लखनऊ तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। भारतीय जनता पार्टी के मंडल मंत्री शिवेश मिश्रा ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपकर जनहित में इस सुविधा को जल्द शुरू करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गोरखपुर और लखनऊ के बीच प्रतिदिन हजारों लोग नौकरी, शिक्षा, व्यापार, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करते हैं। वर्तमान में रोडवेज बसों को अयोध्या मार्ग से होकर जाना पड़ता है, जिससे यात्रियों का समय अधिक लगता है और सफर भी लंबा हो जाता है।
शिवेश मिश्रा ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले की तुलना में तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो गई है। इसके बावजूद इस मार्ग पर परिवहन निगम की सीधी बस सेवा शुरू नहीं की गई है। इसका फायदा निजी बस और टैक्सी संचालक उठा रहे हैं, जबकि आम यात्रियों को सरकारी बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा।
यदि एक्सप्रेसवे के रास्ते रोडवेज बस सेवा शुरू होती है तो खजनी, बड़हलगंज, बेलघाट, सिकरीगंज, टांडा, अतरौलिया सहित आसपास के दर्जनों गांवों और कस्बों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, किराया संतुलित रहेगा और लोगों को सुरक्षित एवं आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
भाजपा नेता का कहना है कि आधुनिक सड़क नेटवर्क का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब सार्वजनिक परिवहन भी उसी गति से विकसित होगा। एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बसें चलने से यात्रियों का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और सरकारी परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक ने प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू हो सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 22 July 2026, 10:50 AM IST
Topics : Gorakhpur Link Expressway Lucknow