
तीन आरोपी गिरफ्तार
Deoria: गौरीबाजार इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। कई दिनों से सक्रिय चोरों के गिरोह को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई कार्रवाई में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से चोरी का सामान, नगदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से ई-रिक्शा का इस्तेमाल कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे पहले इलाके की रेकी करते और फिर सुनसान जगहों को निशाना बनाते। पुलिस ने पश्चिमी रेलवे ढाला के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जहां से उनके कब्जे से बिना नंबर का ई-रिक्शा और चोरी का सामान बरामद हुआ।
बरामदगी में 65 किलो गेहूं, 100 किलो चावल, एल्युमिनियम के बड़े भगौने और उनके ढक्कन शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर मिल ग्राउंड के खंडहर के पास से चोरी किया गया एक सोलर पैनल भी बरामद किया गया। तलाशी के दौरान चोरी का सामान बेचकर बचाए गए 4600 रुपये नगद भी मिले हैं। कुल बरामद सामान की कीमत करीब 5.40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी तीन अलग-अलग चोरी के मामलों में शामिल थे। 12 मार्च को खरोह चौराहा स्थित एक दुकान से सामान चोरी, 17 मार्च को एक मकान के स्टोर से अनाज और बर्तन चोरी और जनवरी में सोलर प्लांट से पैनल चोरी की घटनाओं में इनकी भूमिका सामने आई है। इन सभी मामलों में थाना गौरीबाजार में मुकदमे दर्ज कर जांच चल रही थी।
Location : Deoria
Published : 18 March 2026, 9:57 PM IST
Topics : Deoria Deoria Crime Deoria News Deoria Police