हिंदी
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक रूह कँपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर में कुछ दोस्तों ने मिलकर पुरानी रंजिश के चलते एक 22 वर्षीय युवक (मोहित) की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने मोहित को जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने बुलाया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, मृतक मोहित शर्मा को बुधवार रात करीब 11 बजे उसके दोस्तों ने यह कहकर घर से बुलाया कि आज बर्थडे पार्टी है। मोहित अपने दोस्तों पर भरोसा करके पार्टी में चला गया। वहाँ सभी ने पहले शराब पी और फिर देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच आरोपियों ने मोहित को घेर लिया। इसके बाद धारदार चाकू से उसके सीने और पेट पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई मनीष ने बताया कि करीब 15-20 दिन पहले मोहित का उसके दोस्तों से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया था और सभी लोग साथ में घूमने भी गए थे। लेकिन आरोपी मन में रंजिश पाले बैठे थे। उन्होंने मोहित को ठिकाने लगाने के लिए इस बर्थडे पार्टी को अपना जरिया बनाया और धोखे से वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सुबह जैसे ही मोहित का शव उसके मोहल्ले में आया, पूरे परिवार में मातम छा गया । गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और जल निगम मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर बिगड़ते हालात और तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। डीसीपी और सहायक पुलिस आयुक्त (वेब सिटी) के मुताबिक, पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 2 July 2026, 8:24 PM IST