गाजियाबाद में गोलीकांड: पहले डेयरी संचालक को 6 गोलियां मारी, फिर अपहरण करके ले गए, SHO मुकेश सोलंकी सस्पेंड

परिवार का आरोप है कि बेटे का पीछा किए जाने की शिकायत पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब ओंकार पर फायरिंग और कथित अपहरण के बाद SHO समेत पुलिस अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासों की उम्मीद है।

Post Published By: Komal Pandey

Ghaziabad: लोनी थाना क्षेत्र के गनौली गांव निवासी 44 वर्षीय ओंकार उर्फ ओमन बाइक से पशुओं का चारा लेने निकले थे। रास्ते में ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के खड़खड़ी अंडरपास के पास उन पर हमला हुआ। परिजनों का आरोप है कि कार सवार हमलावरों ने ओंकार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और गोली मारने के बाद उन्हें अपने साथ ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में डीसीपी ग्रामीण, एसीपी लोनी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

घटनास्थल से मिले खोखे, CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस को घटनास्थल से पांच से छह खोखे बरामद हुए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि होती है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जिससे हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी गई है।

Ghaziabad Murder Case: “बकरा हलाल होते देखा है?” बोलकर सूर्या को ले गए अपने साथ, फिर चाकुओं से हमला कर उतारा मौत के घाट

पुराने विवाद को लेकर उठे सवाल

ओंकार के बड़े भाई सुरेंद्र ने बताया कि गांव के ही प्रिंस और कुछ अन्य लोगों से उनका पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि 21 मई को दूसरे पक्ष के लोगों ने ओंकार के बेटे देवांश का पीछा किया था। इसकी शिकायत लोनी कोतवाली में की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। परिवार का आरोप है कि अगर उस समय शिकायत पर कार्रवाई होती तो आज यह घटना नहीं होती। इसी वजह से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

SHO और चौकी प्रभारी निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय केशव कुमार चौधरी ने बताया कि लोनी थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संबंधित चौकी प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। इसके साथ ही थाना प्रभारी की भूमिका की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

Ghaziabad: आधी रात का हंगामा… प्रेम विवाह के बाद घर पर धावा, फिर पुलिस ने खोला पूरा सच!

ओंकार की तलाश में जुटीं 10 टीमें

पुलिस ने ओंकार की तलाश के लिए 10 विशेष टीमें गठित की हैं, जिनमें क्राइम ब्रांच की टीमें भी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ओंकार जीवित हैं या उनकी मौत हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पक्ष के लोग ही उन्हें अपने साथ ले गए थे। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।

    The liveblog has ended.
    No liveblog updates yet.

    LIVE NEWS & UPDATES

Location :  Ghaziabad

Published :  1 June 2026, 8:45 AM IST