Ghaziabad Aerocity: हिंडन एयरपोर्ट से कैसे जुड़ेगी नई एयरोसिटी? GDA के सर्वे से सामने आया बड़ा प्लान

गाजियाबाद में प्रस्तावित एयरोसिटी को हिंडन एयरपोर्ट से सीधे जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। GDA ने संभावित रूट और कनेक्टिविटी का सर्वे शुरू कराया है। एलिवेटेड कॉरिडोर, चौड़ी सड़क, अंडरपास और टनल जैसे विकल्पों पर विचार हो रहा है। जानिए एयरोसिटी में क्या-क्या सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 October 2026, 12:55 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद में प्रस्तावित एयरोसिटी योजना को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण यानी GDA ने तैयारियां तेज कर दी हैं। योजना को हिंडन एयरपोर्ट से सीधे जोड़ने के लिए विस्तृत सर्वे शुरू कराया गया है। प्राधिकरण का लक्ष्य ऐसी कनेक्टिविटी तैयार करना है, जिससे भविष्य में एयरोसिटी और एयरपोर्ट के बीच यात्रियों की आवाजाही आसान और तेज हो सके।

सबसे बेहतर रूट की तलाश में GDA

सर्वे के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि एयरोसिटी को हिंडन एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए सबसे छोटा, सुविधाजनक और व्यावहारिक रूट कौन सा रहेगा। इसके लिए कई तकनीकी विकल्पों पर काम किया जा रहा है। इनमें सिग्नल-फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर और चौड़ी एक्सप्रेस-वे जैसी कनेक्टिविटी रोड शामिल हैं।

प्राधिकरण की योजना है कि आने वाले समय में एयरपोर्ट और एयरोसिटी के बीच ऐसा संपर्क तैयार किया जाए, जहां ट्रैफिक के कारण यात्रियों को परेशानी न हो।

टनल और अंडरपास का विकल्प भी शामिल

भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए अंडरपास और टनल कनेक्टिविटी के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। इन विकल्पों का उद्देश्य एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ एयरोसिटी के व्यावसायिक क्षेत्रों में आने वाले लोगों को तेज और निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराना है।

इस कनेक्टिविटी को लेकर अंतिम फैसला सर्वे और तकनीकी अध्ययन के बाद लिया जाएगा।

जमीन जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू

एयरोसिटी योजना के लिए जरूरी जमीन जुटाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। इसके लिए GDA ने एग्रीगेटर तैनात किए हैं। योजना के लिए आवश्यक जमीन और संभावित कनेक्टिविटी रूट को लेकर आगे की प्रक्रिया इसी सर्वे के आधार पर तय की जाएगी।

दिल्ली की एयरोसिटी की तर्ज पर होगा विकास

गाजियाबाद की प्रस्तावित एयरोसिटी को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकसित एयरोसिटी की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। यहां बड़े फाइव स्टार और थ्री स्टार होटल, प्रीमियम कॉरपोरेट ऑफिस, शॉपिंग मॉल, कन्वेंशन सेंटर और एंटरटेनमेंट जोन विकसित किए जाने की योजना है।

ऐसे में हिंडन एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए अहम मानी जा रही है। सर्वे पूरा होने के बाद यह साफ होगा कि एयरोसिटी और एयरपोर्ट के बीच कौन सा कनेक्टिविटी मॉडल सबसे बेहतर रहेगा।

Location :  Ghaziabad

Published :  8 October 2026, 12:55 PM IST