शादी से पहले खौफनाक साजिश! अफेयर के लिए नातिन ने प्रेमी संग किया दादा का कत्ल, फिर लाश के साथ किया रोंगटे खड़े कर देने वाला काम

फिरोजाबाद के मोहम्मदाबाद में 70 वर्षीय ब्रह्मऋषि की हत्या उनकी नातिन रश्मि और उसके प्रेमी विपिन ने मिलकर की। प्रेम विवाह का विरोध और तय शादी इस वारदात की वजह बनी। हत्या के बाद शव जलाया गया और फर्जी सुसाइड नोट लिखकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 July 2026, 2:28 PM IST

Firozabad:  उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है। 24 जून की रात 70 वर्षीय ब्रह्मऋषि का जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग की हत्या उनकी नातिन रश्मि ने अपने प्रेमी विपिन के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद दोनों ने शव को आग के हवाले कर घटना को हादसा साबित करने की कोशिश की।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, रश्मि का शिकोहाबाद निवासी विपिन से लंबे समय से प्रेम संबंध था। वह उसी से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके दादा ब्रह्मऋषि इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्होंने रश्मि की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी और 6 जुलाई को बारात आने वाली थी। परिवार के फैसले से नाराज रश्मि ने प्रेमी के साथ मिलकर दादा को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

सोते समय चाकू से हमला, फिर शव को जला दिया

पूछताछ में आरोपी विपिन ने बताया कि 24 जून की रात वह मोहम्मदाबाद पहुंचा। चारदीवारी वाले प्लॉट में सो रहे ब्रह्मऋषि पर उसने चाकू से ताबड़तोड़ तीन वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्या को हादसा दिखाने और सबूत मिटाने के लिए शव के ऊपर चारपाई और गद्दा डालकर आग लगा दी। वारदात के बाद वह खून से सने कपड़ों को रेलवे कॉलोनी के एक खंडहर में छिपाकर फरार हो गया।

फर्जी सुसाइड नोट ने खोली साजिश की परतें

शुरुआत में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे आग लगने की घटना मान रही थी। लेकिन परिजनों द्वारा सौंपे गए एक कथित सुसाइड नोट और मृतक के गले पर मिले कट के निशानों ने जांच की दिशा बदल दी। हैंडराइटिंग की जांच में पता चला कि सुसाइड नोट ब्रह्मऋषि ने नहीं, बल्कि उनकी नातिन रश्मि ने लिखा था। इसमें आत्महत्या का झूठा कारण और संपत्ति के बंटवारे का उल्लेख कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई थी।

शादी के 5 महीने बाद सोनाली की मौत… लोग बोले- ये कैसा पति! पत्नी फंदे पर लटकी रही और बैंक मैनेजर करता रहा ऐसा काम

दोनों आरोपी गिरफ्तार, हत्या के सबूत बरामद

पुलिस ने प्रेमी विपिन को बन्ना रोड टॉवर के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए। वहीं मुख्य साजिशकर्ता रश्मि को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच पूरी कर ली गई है।

Location :  Firozabad

Published :  6 July 2026, 2:28 PM IST