
नगर निगम की बड़ी लापरवाही (Img: Pinterest)
Firozabad: नगर निगम और शहरी निकायों की लापरवाही का खामियाजा जिले के हजारों बुजुर्गों और निराश्रित महिलाओं को भुगतना पड़ सकता है। वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन बड़ी संख्या में पेंशनधारकों का भौतिक सत्यापन अब तक पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में जुलाई में मिलने वाली पेंशन की अगली किस्त समय पर जारी होने पर संशय गहराने लगा है।
जहां ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्धावस्था और निराश्रित महिला पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन कार्य पूरी तरह संपन्न कर रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेज दी गई है, वहीं शहरी निकायों में यह प्रक्रिया अभी भी अधूरी है। संबंधित विभागों को नगर निगम और नगर निकायों से रिपोर्ट मिलने का इंतजार है, जिसके बिना आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती।
जिले में 52 हजार से अधिक निराश्रित महिलाओं और 80 हजार से ज्यादा बुजुर्गों को पेंशन का लाभ मिल रहा है। सरकार नए वित्तीय वर्ष में पेंशन राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी में है। हालांकि सत्यापन में देरी के कारण बढ़ी हुई पेंशन का लाभ समय पर मिल पाएगा या नहीं, इसे लेकर चिंता बढ़ गई है।
Agra: पूर्व सांसद राज बब्बर बोले-लोकतंत्र बचाने के लिए सभी दलों को साथ आना होगा
शहरी क्षेत्रों में सत्यापन का सबसे अधिक काम नगर निगम फिरोजाबाद में लंबित है। वृद्धावस्था पेंशन के 20 हजार से अधिक लाभार्थियों और निराश्रित महिला पेंशन की 13 हजार से ज्यादा लाभार्थियों की रिपोर्ट अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। इसके अलावा शिकोहाबाद, टूंडला, सिरसागंज, जसराना और अन्य निकायों में भी सैकड़ों लाभार्थियों का सत्यापन अधूरा है।
सामाजिक कल्याण विभाग और महिला कल्याण विभाग अब निकायों से आने वाली सत्यापन रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट समय पर नहीं मिली तो शासन स्तर से बजट जारी होने के बावजूद लाभार्थियों के खातों में पेंशन भेजने में परेशानी आ सकती है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों का सत्यापन कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है, लेकिन शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रिपोर्ट आना बाकी है। प्रशासन का प्रयास है कि जुलाई में पेंशन की अगली किस्त जारी होने से पहले सभी लंबित सत्यापन पूरे कर लिए जाएं, ताकि बुजुर्गों और निराश्रित महिलाओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Location : Firozabad
Published : 22 June 2026, 3:56 PM IST