Fatehpur Accident: एक पल में उजड़ गया परिवार, काम के लिए निकला युवक जिदंगी से धो बैठा हाथ

फतेहपुर में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। हथगांव थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 4 September 2026, 12:28 PM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर के हथगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद लोडर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

अधारी का पुरवा के पास हुआ हादसा

घटना हथगांव चौकी चौराहा रोड पर अधारी का पुरवा गांव के पास हुई। बताया गया कि सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सराय बहलोलपुर गांव निवासी आबिद पुत्र लियाकत अली (19) और फहद पुत्र वाहिद अली (16) शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बाइक से हथगांव कस्बे की ओर जा रहे थे। दोनों किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान अधारी का पुरवा गांव के पास हथगांव की तरफ से तेज गति से आ रहे एक लोडर ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

Fatehpur News: आधी रात तलवार लेकर ससुराल पहुंचा जीजा, सोते परिवार पर टूट पड़ा

टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर गई जान

हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आबिद के सिर में गंभीर चोट आई। लोगों के मुताबिक, उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठे फहद को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसका पैर टूटने की बात सामने आई है। घटना के बाद सड़क पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।

एंबुलेंस से अस्पताल भेजे गए दोनों

स्थानीय लोगों ने तुरंत सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आबिद को मृत घोषित कर दिया। फहद का अस्पताल में इलाज शुरू किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मृतक और घायल के परिवार वालों के साथ पुलिस को भी दी गई।

मृतक के परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

आबिद की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिजन काफी आक्रोशित हो गए और उन्होंने लोडर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों की मांग थी कि हादसे के जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अस्पताल में स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक और घायल के परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आरोपी लोडर चालक को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद परिजन शांत हुए और स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार चालक और लोडर की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी ली जा रही है।

Fatehpur News: कुछ मिनटों की बहस और खत्म हो गई जिंदगी! फतेहपुर में युवक की मौत से सनसनी

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

हथगांव थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। हादसे में घायल युवक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है। फरार लोडर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालक और वाहन को बरामद कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद चालक का मौके से भाग जाना मामले को और गंभीर बना रहा है। पुलिस अब लोडर की पहचान और चालक तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। वहीं मृतक के परिवार में हादसे के बाद मातम का माहौल है।

Location :  Fatehpur

Published :  4 September 2026, 12:28 PM IST

Advertisement