फतेहपुर में पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम! आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पर हमले से भड़का आक्रोश, पूरे जिले में काम ठप करने की धमकी

फतेहपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पूनम देवी पर ड्यूटी के दौरान हमले के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश! महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। कार्रवाई न होने पर जिलेभर में हड़ताल और SP दफ्तर पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 July 2026, 2:38 PM IST

Fatehpur: ड्यूटी पर तैनात एक महिला कर्मचारी पर जानलेवा हमला होता है, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आती हैं, एफआईआर दर्ज होती है लेकिन आरोपी खुलेआम घूमता रहता है। खाकी की इसी सुस्ती से आक्रोशित फतेहपुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अब आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने पुलिस प्रशासन को सीधे 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी न हुई, तो पूरा जिला हड़ताल की आग में तपेगा।

ड्यूटी के दौरान डंडों से बर्बरता, शरीर पर गहरे जख्म

घटना 21 जुलाई की है, जब कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पूनम देवी अपनी सरकारी ड्यूटी निभा रही थीं। संघ के आरोपों के मुताबिक, इसी दौरान गांव के ही विकास पासवान ने उन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हिंसक हमले में पूनम देवी के सिर, हाथ और पूरे शरीर पर गंभीर और जानलेवा चोटें आईं। ड्यूटी पर मौजूद एक महिला कर्मचारी के साथ हुई इस बर्बरता ने पूरे संगठन में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है।

यह भी पढ़ें-Budaun: सड़क पार कर रहे मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, परिवार में छाया मातम?

एफआईआर के बाद भी ढिलाई, गंभीर धाराएं न जोड़ने पर भड़का गुस्सा

मामले को लेकर महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय का घेराव किया। संघ की ज़िला अध्यक्ष रेहाना परवीन का आरोप है कि घटना का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। आरोपी विकास पासवान को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, संघ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऑन-ड्यूटी कर्मचारी पर हमला होने के बाद भी मामले में 'सरकारी कार्य में बाधा डालने' जैसी सख्त धाराएं तक शामिल नहीं की गई हैं, जिससे आरोपी का मनोबल बढ़ रहा है।

उच्चाधिकारियों को ज्ञापन, 24 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर धरना तय

प्रशासन की इस हीला-हवाली से खफा संगठन की महिलाओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और न्याय की गुहार लगाई। संघ की ओर से जिलाधिकारी (DM), प्रदेश के मुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक और उत्तर प्रदेश महिला आयोग को ज्ञापन भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

यह भी पढ़ें- एक जोरदार टक्कर और मच गई अफरा-तफरी… गंगा एक्सप्रेस-वे पर आधी रात कैसे टला बड़ा हादसा?

संघ ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों के भीतर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं होता, तो जिलेभर की तमाम आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपना काम बंद कर पूर्ण हड़ताल पर चली जाएंगी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और पुलिस प्रशासन की होगी।

Location :  Fatehpur

Published :  24 July 2026, 2:38 PM IST