
Etawah: जसवंतनगर के बलरई थाना क्षेत्र में दो जिलों की सीमा पर स्थित यमुना नदी पुल के पास सोमवार को नहाते समय तीन किशोर नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक किशोर को गंभीर हालत में बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर भेजा गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना देकर बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम फकीरे की मड़ैया निवासी मयांश (12) पुत्र शेर सिंह और निखिल (10) पुत्र बृजेश और सूरज (12) पुत्र रामगोपाल गहरे दोस्त थे। वे तीनों पालतू पशु चराने के लिए ग्राम खंदिया के पास यमुना पुल पर आए थे। इसी दौरान तीनों बच्चे यमुना नदी में नहाने लगे, तभी मयांश और निखिल गहरे पानी में चले गए।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम
उन्हें डूबता देख सूरज ने हिम्मत दिखाई लेकिन वह भी डूबने लगा तो वह तैरकर पानी से बाहर निकल आया। सूरज ने भागकर तुरंत गांव में परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी।
सूचना पर स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मयांश को गंभीर अवस्था में नदी से बाहर निकालकर सीएचसी जसवंतनगर भेजा गया जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं निखिल की तलाश देर शाम तक जारी रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके साथ मौजूद एक अन्य अज्ञात बच्चा नदी से बाहर निकलकर गांव की ओर भाग गया। उसने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी।
घटना की सूचना पर बलरई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। स्थानीय गोताखोर और पुलिस संयुक्त रूप से नदी में खोजबीन कर रहे हैं।
सीओ आयुषी सिंह, नायब तहसीलदार नेहा सचान,जसवन्त नगर थानाध्यक्ष कमल भाटी, कार्यवाहक थानाध्यक्ष बलरई जसवन्त सिंह, आगरा जिले के चित्रहाट थाना प्रभारी, बाह तहसीलदार मौके मौजूद है।
Location : Etawah
Published : 7 July 2026, 1:15 AM IST