
मंत्री के आने से पहले अधिकारियों को सख्त चेतावनी (IMG: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश सरकार की बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री और हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को जनपद के दौरे पर पहुंचेंगी। उनके आगमन से पहले ही जिला प्रशासन विभागीय योजनाओं को लेकर सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति और जिला निगरानी समिति की बैठक बुलाई।
जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ), सुपरवाइजर और मुख्य सेविकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें और वहां मिलने वाली व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण के बाद केवल औपचारिक रिपोर्ट देना पर्याप्त नहीं होगा।
हाथरस में मिलावटखोरों और अवैध शराब कारोबारियों की खैर नहीं, डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने पुष्टाहार की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोदामों से आंगनबाड़ी केंद्रों तक पोषण सामग्री समय पर पहुंचनी चाहिए। इसके बाद पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार इसका वितरण सुनिश्चित किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जाने वाले हॉट कुक्ड मील की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने भर्ती में आरक्षण के प्रावधानों, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्धारण और वर्गवार व भर्तीवार रिपोर्ट की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया में शासन की ओर से तय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए और किसी भी तरह की अनियमितता या शिकायत को गंभीरता से लिया जाए।
मंत्री के आने से पहले अधिकारियों को सख्त चेतावनी (IMG: Dynamite News)
बैठक के दौरान जिले में कुपोषण की स्थिति और उससे निपटने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज सूचनाओं, चिह्नित कुपोषित बच्चों और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, पुराने केंद्रों के कायाकल्प, लर्निंग लैब, नवीन अनुपूरक पुस्तकों और पोषण आहार व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और हॉट कुक्ड मील योजना की प्रगति का भी जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अगर आने वाली पीढ़ी का स्वास्थ्य बेहतर बनाना है तो बच्चों और महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देना होगा। इसके लिए केवल सरकारी योजनाएं चलाना ही काफी नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ-साथ कुपोषित बच्चों के अभिभावकों को भी जागरूक किया जाए। उन्हें संतुलित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल, नियमित टीकाकरण और एनीमिया से बचाव के बारे में जानकारी दी जाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Hathras
Published : 27 November 2026, 11:35 AM IST
Topics : Baby Rani Maurya Child Development Department DM Satyaprakash Patel hathras news Uttar Pradesh News