
औचक निरीक्षण में डीएम का सख्त संदेश
महराजगंज: जनपद में शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में संतोष कुमार शर्मा ने आज जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, धनेवा धनेई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा-कक्ष, छात्रावास, मेस, स्टाफ आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेस में खुद चखा भोजन, गुणवत्ता पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारीसंतोष कुमार शर्मा सीधे मेस पहुंचे और छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता जांची। साथ ही पैकेटबंद खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट भी चेक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
पानी की टंकी मरम्मत, CCTV और सीसी सड़क निर्माण के निर्देश
विद्यालय परिसर में लगी पानी की टंकी की मरम्मत के लिए यूपी सिडको को निर्देशित किया गया। इसके अलावा पूरे परिसर में सीसी सड़क निर्माण तथा छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना अनिवार्य है।
किचन गार्डेन से मिलेगा पौष्टिक आहार
डीएम ने विद्यालय परिसर में किचन गार्डेन विकसित करने के निर्देश दिए। सहजन, कटहल, केला सहित अन्य पौष्टिक पौधों के रोपण की बात कही गई, जिससे छात्राओं को ताजा एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
छात्राओं से संवाद, मेंटरशिप कार्यक्रम शुरू करने का आदेश
कक्षा निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। समाज कल्याण अधिकारी को छात्राओं के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उनके भविष्य को सही दिशा मिल सके।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि सर्वोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिला क्रीड़ा स्टेडियम का भी लिया जायजा
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा स्टेडियम स्थित बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया और वहां पाई गई कमियों को शीघ्र दूर कर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 27 February 2026, 7:01 PM IST
Topics : CCTV DM's inspection Maharajganj message