रेलवे अधिकारी बनकर साइबर जालसाजों ने रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी के लाखों रुपये ठगे

देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के खाते से जालसाजों ने 15.40 लाख रुपये उड़ाए। आरोपी खुद को रेलवे अधिकारी बताकर ओटीपी और आधार नंबर मांगकर पैसे निकाल गए। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 June 2026, 3:25 PM IST

Deoria: जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी को निशाना बनाते हुए उसके बैंक खाते से 15 लाख 40 हजार रुपये की बड़ी रकम उड़ा ली। जालसाजों ने खुद को रेलवे अधिकारी बताकर पीड़ित से संवेदनशील बैंक डिटेल्स हासिल कर लीं।

गांव निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी बना शिकार

यह घटना खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया करकटही गांव की है। यहां रहने वाले सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी मल्लू यादव के मोबाइल फोन पर लगभग 15 दिन पहले एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को रेलवे विभाग का अधिकारी बताया और धीरे-धीरे पीड़ित से आधार नंबर और ओटीपी जैसी महत्वपूर्ण जानकारी ले ली।

Cyber Fraud: दो मिनट में 15 लाख रिक्वेस्ट… CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर बड़ा साइबर अटैक

ओटीपी साझा करते ही खाते से उड़ गए लाखों रुपये

जानकारी के अनुसार, जैसे ही मल्लू यादव ने फोन पर आए ओटीपी और अन्य विवरण साझा किए, कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से लगातार ट्रांजैक्शन होने लगे। देखते ही देखते जालसाजों ने उनके खाते से कुल 15.40 लाख रुपये निकाल लिए।

एटीएम से पैसे निकालने पर हुआ खुलासा

कुछ दिन बाद जब पीड़ित के पुत्र मिथिलेश यादव ने एटीएम कार्ड से पैसे निकालने का प्रयास किया, तो खाते में बैलेंस शून्य पाया गया। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद परिजन तुरंत नूंनखार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा पहुंचे, जहां पूरी घटना का खुलासा हुआ कि खाते से पूरी रकम निकाली जा चुकी है।

बैंक खाते को कराया बंद, पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने तुरंत बैंक खाते को बंद कराया और मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Cyber Fraud in Sonbhadra: कोन थाना की पुलिस ने साइबर अपराधियों से वसूली कर पीड़ितों को वापस दिलाएं रुपये

आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और साइबर ठगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

साइबर ठगी पर बढ़ी चिंता

इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, आधार नंबर, बैंक डिटेल या अन्य संवेदनशील जानकारी बिल्कुल साझा न करें, क्योंकि इसी तरह की लापरवाही से लोग लगातार साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं।

Location :  Deoria

Published :  11 June 2026, 3:25 PM IST