
कुशीनगर से देवरिया तक युवाओं की ललकार (Img: Dynamite News)
Deoria: जस्टिस मोर्चा के नेतृत्व में चल रही जेन जी कनेक्ट यात्रा शनिवार को कुशीनगर से होते हुए देवरिया पहुंची। यात्रा के दौरान युवाओं ने बंद पड़ी नियमित हवाई सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों में देरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा।
यात्रा की शुरुआत कुशीनगर स्थित बुद्ध पीजी कॉलेज से हुई। कॉलेज परिसर में आयोजित सभा में विद्यार्थियों से संवाद किया गया और यात्रा के उद्देश्यों के साथ शिक्षा, रोजगार एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर पर्चे वितरित किए गए। इसके बाद यात्रा कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची, जहां युवाओं ने क्षेत्र के किसानों और युवाओं के साथ छल का आरोप लगाया। युवाओं का कहना था कि एयरपोर्ट के लिए किसानों की जमीन ली गई, लेकिन नियमित उड़ानें संचालित नहीं हो रही हैं। इस दौरान उन्होंने मांग उठाई कि “एयरपोर्ट चालू करो, नहीं तो किसानों की जमीन वापस करो।”
यात्रा ने शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कसया में गांधी चौक, आजाद चौक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और दीवानी कचहरी स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। युवाओं ने स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें - Deoria News: हत्या के बाद फरार था आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा… निशानदेही पर झाड़ियों से मिला ‘आलाकत्ल’
देवरिया की ओर बढ़ते हुए रामपुर गढ़, तरकुलवा और कंचनपुर में नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं। सभाओं में स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों में देरी और परीक्षाओं में अनियमितताओं पर चर्चा की गई।
जस्टिस मोर्चा के नेता रजत सिंह ने बताया कि जेन जी कनेक्ट यात्रा 20 अगस्त से शुरू हुई है और चौरी-चौरा से विभिन्न जिलों से गुजरते हुए 2 अक्टूबर को लखनऊ के काकोरी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त बदहाली, भ्रष्टाचार, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों की ओर सरकार और जनता का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।
रजत सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान खराब स्थिति वाले विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को चिन्हित किया जा रहा है। देवरिया जिले में ऐसे 50 विद्यालयों की सूची तैयार कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने मांग की कि इन विद्यालयों की व्यवस्था 2 अक्टूबर तक सुधारी जाए अन्यथा जस्टिस मोर्चा आंदोलन की राह अपनाएगा।
रजत सिंह ने एक विद्यालय की स्थिति को लेकर उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संगठन एफआईआर से डरने वाला नहीं है और प्रशासन को कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने के बजाय चिन्हित बदहाल विद्यालयों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन संगठन को रोकने या कार्रवाई करने का प्रयास करता है तो वे गिरफ्तारी देने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाना बंद नहीं करेंगे।
ये भी पढ़ें - Deoria Flood: अगर नदी का दबाव यूं ही बढ़ा तो मुश्किल होगी! देवरिया में बढ़ते जलस्तर से सहमे ग्रामीण
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद यात्रा अपने रात्रि पड़ाव रामपुर कारखाना पहुंची। अगले चरण में यात्रा रामपुर कारखाना से शुरू होकर देवरिया मुख्यालय होते हुए सोनूघाट तक जाएगी। इस दौरान विभिन्न कस्बों, शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं से संवाद और नुक्कड़ सभाओं का सिलसिला जारी रहेगा। जेन जी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य युवाओं की आवाज को प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाना और शिक्षा, रोजगार तथा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के सवालों को केंद्र में लाना बताया गया है।
Location : Deoria
Published : 23 August 2026, 5:15 PM IST
Topics : Deoria News Kushinagar UP Paper Leak UP News