देवरिया में झोपड़ी में आग लगने से तीन साल की मासूम बच्ची सहित तीन की मौत, महिला गंभीर

देवरिया के भटनी क्षेत्र के नोनापार गांव में देर रात झोपड़ी में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन साल की बच्ची भी शामिल है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 October 2026, 7:58 AM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। मृतकों में तीन साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भटनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

रात डेढ़ बजे झोपड़ी में लगी आग

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे नोनापार गांव में एक झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दोनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद झुलसे लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

देवरिया में डबल मर्डर से सनसनी! रामजानकी मार्ग पर दो युवकों की हत्या, पुलिस ने बनाई 3 टीमें

तीन साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत

सीएचसी भटनी में चिकित्सकों ने जितेंद्र पुत्र लालचंद्र, उम्र 32 वर्ष, बालकिशन पुत्र अदालत और जितेंद्र की तीन वर्षीय बेटी शनि को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जितेंद्र की पत्नी लीला गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे में एक ही परिवार से जुड़े लोगों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग हादसे को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल, झोपड़ी में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के अनुसार, मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Location :  Deoria

Published :  21 October 2026, 7:55 AM IST