अमेठी में ओवरस्पीड पर शिकंजा, इंटरसेप्टर बाइक से 110 वाहनों का चालान; 2.20 लाख जुर्माना

अमेठी यातायात पुलिस ने ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल और स्पीड लेजर गन से विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई में 110 वाहनों का चालान किया गया और 2.20 लाख रुपये का समन शुल्क लगाया गया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 31 August 2026, 9:29 PM IST

Amethi News: सड़क हादसों पर लगाम लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए अमेठी यातायात पुलिस ने अब हाईटेक तरीके से कार्रवाई शुरू कर दी है। अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल और स्पीड लेजर गन के जरिए सोमवार को यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान ओवरस्पीडिंग करने वाले 110 वाहनों का चालान किया गया और वाहन चालकों पर 2 लाख 20 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया।

इंटरसेप्टर बाइक से तेज रफ्तार वाहनों पर नजर

अमेठी यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से थानाक्षेत्र जगदीशपुर के बेंचूगढ़ के पास विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया, जिसमें स्पीड लेजर गन और हाई क्वालिटी कैमरे लगाए गए हैं। यह तकनीक सड़क पर गुजरने वाले वाहनों की गति को सटीक तरीके से मापने में सक्षम है।

स्पीड लिमिट तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित किया गया। इसके बाद कुल 110 वाहनों का ई-चालान किया गया।इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल में लगे कैमरे वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर को कैप्चर कर लेते हैं, जिसके आधार पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जा रही है।

सड़क हादसों को रोकना अभियान का उद्देश्य

यातायात पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार सड़क हादसों की बड़ी वजह बनती है। ऐसे में ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर नजर रखना आसान होगा और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

एसपी ने लोगों से की अपील

अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक निर्धारित गति सीमा के अंदर ही वाहन चलाएं और सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी दिखाएं। उन्होंने लोगों से सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने में सहयोग करने की अपील की।

Location :  Amethi

Published :  31 August 2026, 9:29 PM IST