सीतापुर में कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा में किसानों के मुद्दों पर उठी आवाज

हरगांव में जिला कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस के नेतृत्व में किसान अधिकार यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के नारे लगाए और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 8:14 PM IST

सीतापुर: हरगांव में जिला कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस के नेतृत्व में किसान अधिकार यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के नारे लगाए और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने वोट चोरी के आरोपों की जांच, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उनके निर्णयों की समीक्षा की मांग की। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं, लंबित मांगों और अधिकारों से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।

कार्यक्रम के तहत कांग्रेसजन पिपरा गांव स्थित ओवरब्रिज के निकट एकत्र हुए। यहां से यात्रा शुरू हुई, जो हरगांव चौराहा, महोली तिराहा और लहरपुर रोड होते हुए सूर्यकुंड तिराहे तक पहुंची। यहीं कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा में जिला कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी अखिल शुक्ला और उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य मौजूद रहे। नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और किसानों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।

किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिल शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को उठाती रहेगी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग जारी रखेगी।

कार्यक्रम की आयोजक जिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता वर्मा ने कहा कि वोट चोरी का आरोप लोकतंत्र से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को उठाते रहेंगे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करेंगे।

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी। वहीं, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजेश सिंह तोमर ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों की रक्षा आवश्यक है। उन्होंने किसानों के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संगठन की ओर से आवाज उठाते रहने की बात कही।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, हरगांव के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र शुक्ला, मिराज अंसारी, राकेश पटेल, हरगांव ब्लॉक अध्यक्ष विजय राजवंशी, नगर अध्यक्ष बशारत अली, मंजरी राही, सुरेश प्रकाश राही, मातादीन, असरफीलाल, शहर अध्यक्ष शिशिर वाजपेयी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत दीक्षित, पूर्व शहर अध्यक्ष संतोष भार्गव, धीरेश कश्यप, अनुपमा द्विवेदी, ओमकार मिश्रा, संजीत गुप्ता, दानिश नकूबी, सीताराम भार्गव, मंसूर अहमद, राशिद अली, अखलाक और साहिल कुरैशी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Location :  sitapur

Published :  25 October 2026, 8:14 PM IST