दूध मांगने में देरी पर भड़का हलवाई, 6 साल के मासूम को गर्म कढ़ाई में बिठाने का आरोप

अलीगढ़ में दूध लेने गए छह साल के बच्चे को गर्म कढ़ाई में बिठाने का हलवाई पर आरोप लगा है। बच्चे के नितंब झुलस गए। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 11:44 AM IST

Aligarh: अलीगढ़ में एक हलवाई पर छह साल के मासूम बच्चे के साथ बर्बरता करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बच्चा दुकान पर दूध लेने गया था। काफी देर तक दूध नहीं मिला तो उसने दुकानदार से दोबारा अपना ऑर्डर बताया। आरोप है कि इसी बात पर दुकानदार गुस्से में आ गया और उसने बच्चे को जबरन गर्म कढ़ाई में बिठा दिया। गर्म कढ़ाई की वजह से बच्चे के नितंब बुरी तरह झुलस गए। घायल बच्चे को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूध लेने गया था छह साल का नितिन

मामला अलीगढ़ के देहली गेट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नगला मेहताब निवासी सुंदर लाल का छह साल का बेटा नितिन शनिवार देर शाम घर से कुछ दूरी पर स्थित एक हलवाई की दुकान पर दूध लेने गया था। परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक दूध नहीं मिलने पर बच्चे ने दुकानदार से दोबारा अपना ऑर्डर दोहराया।

आरोप है कि बच्चे की इस बात से दुकानदार लल्लू नाराज हो गया। गुस्से में उसने कथित तौर पर मासूम को जबरन गर्म कढ़ाई में बिठा दिया। गर्म कढ़ाई के संपर्क में आने से बच्चे के नितंब बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद बच्चा घायल हो गया और उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए।

मलखान सिंह जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद परिजन घायल नितिन को उपचार के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। बच्चे के झुलसने की घटना से परिवार में आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि दूध मांगने जैसी मामूली बात पर दुकानदार ने मासूम के साथ इतनी क्रूरता की।

पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

घटना से नाराज बच्चे के पिता सुंदर लाल ने आरोपी दुकानदार लल्लू के खिलाफ देहली गेट थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल बच्चे का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया गया है।

अलीगढ़ पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Location :  Aligarh

Published :  25 October 2026, 11:44 AM IST