
चोरों ने घर साफ कर उड़ाए गहने (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: जिले के उपनगर उझानी से एक बड़ी और सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। यहां मोहल्ला बाजारकला में चोरों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बनाते हुए लगभग 30 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य कीमती सामान की चोरी को अंजाम दिया है। इस वारदात के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी सनसनी फैल गई है और लोगों का मानना है कि चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है।
घटना की शिकार मकान मालकिन उर्मिला देवी, जो कि पेशे से एक सफाई कर्मी हैं, बुधवार को अपनी बेटी रूबी के साथ बरेली गईं थीं, अपने बीमार भाई का हालचाल जानने। घर रवाना होने से पहले उन्होंने मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया था और पूरा मकान सुरक्षित बंद था।
परिवार के सदस्यों की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाते हुए शातिर चोरों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मौका पाकर मकान की छत का सहारा लिया और घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने इत्मीनान से घर के कमरों को खंगाला और लाखों रुपए कीमत के सोने और चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की इस बड़ी घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को उर्मिला देवी वापस अपने घर लौटीं। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद होने के साथ ही अंदर से अटका हुआ था और लाख कोशिशों के बावजूद मुख्य दरवाजा नहीं खुल रहा था।
अजीब स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत मोहल्ले के लोगों को अपनी परेशानी बताई। आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए छत के रास्ते से घर के अंदर प्रवेश किया और मुख्य दरवाजे की कुंडी खोली। इसके बाद घर की मालकिन अंदर दाखिल हुईं, जहां बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस मामले में गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
Location : Budaun
Published : 16 October 2026, 1:26 PM IST
Topics : 30 Lakhs Theft Budaun Budaun crime news Ujhani BazarKala News Ujhani Theft News UP Police News