Budaun:गंगा में नहाने गए पांच बच्चे डूबे, एक की मौत दो लापता, मचा हड़कंप

बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में गंगा नदी में नहाते समय पांच बच्चे डूब गए, जिनमें एक की मौत हो गई। दो सगे भाइयों समेत दो बच्चे अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कुछ बच्चों को बचाया, जबकि SDRF की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन अलर्ट पर है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 April 2026, 6:41 PM IST

Budaun: जिले के उसहैत थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। खजुरा नगला पुख्ता गांव के पांच मासूम बच्चे गंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे लापता हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव के केशव (11), पिंटू (9), सिंकू (13), अखिलेश (8) और विकास (11) खेलते-खेलते अटेना गंगा घाट के पास नदी किनारे पहुंच गए। गर्मी से राहत पाने के लिए सभी बच्चे गंगा में नहाने उतर गए। इसी दौरान पिंटू का पैर फिसल गया और वह गहरे गड्ढे में चला गया। उसे बचाने के लिए उसका भाई केशव और साथी सिंकू आगे बढ़े, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी गहराई में फंस गए। तीनों को डूबता देख विकास और अखिलेश भी उन्हें बचाने कूद पड़े। जिससे सभी बच्चे पानी में डूबने लगे।

एक बच्चे की मौत, दो लापता

चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चों को बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने सिंकू और विकास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि अखिलेश को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। केशव और पिंटू गहरे पानी में लापता हो गए, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

बदायूं में पासपोर्ट ऑफिस पर मंडराया खतरा! धमकी ने उड़ा दिए होश, किसने भेजा वो खौफनाक ई-मेल?

चार दिन से तलाश जारी, SDRF मौके पर

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। डीएम और एसएसपी ने एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। पिछले चार दिनों से लगातार तलाश जारी है, लेकिन लापता बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है।

Location :  budaun

Published :  15 April 2026, 6:41 PM IST