
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Basti: एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने के बहाने लोगों के कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बस्ती पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना कलवारी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 103 एटीएम कार्ड, एक स्वाइप मशीन (पीओएस), चार मोबाइल फोन, 15,430 रुपये नकद, एक कूटरचित नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल किआ कार बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने स्वाइप मशीन के जरिए अलग-अलग लोगों के खातों से कुल 3,04,061 रुपये ट्रांसफर किए थे।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम पर आफताब आलम रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान एटीएम के पास मौजूद दो आरोपियों ने मदद करने के बहाने उन्हें बातों में उलझा लिया। आरोप है कि उन्होंने आफताब का एटीएम कार्ड बदल दिया और उनका पिन भी जान लिया। इसके बाद दूसरे एटीएम का इस्तेमाल कर उनके खाते से 30,000 रुपये निकाल लिए गए।
Chandauli News: गैस लीक से मकान में लगी भीषण आग, 2 लाख रुपये नकद समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख
पीड़ित की शिकायत पर थाना कलवारी में मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 के तहत बीएनएस की धारा 319(2) और 318(4) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर थाना कलवारी और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस की जांच में आरोपियों के कब्जे से बरामद स्वाइप मशीन महत्वपूर्ण सुराग बनी। पुलिस के मुताबिक, मशीन की जांच में पता चला कि 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के बीच एटीएम कार्ड बदलकर अलग-अलग लोगों से कुल 3,04,061 रुपये ट्रांसफर किए गए। स्वाइप मशीन गुजरात की एक फर्म के नाम पर होने की जानकारी मिली है। इस संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपनी कार से दूर-दराज के जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में जाते थे। एटीएम के आसपास सक्रिय रहकर रुपये निकालने आने वाले लोगों को मदद का भरोसा दिलाते और इसी दौरान उनका कार्ड बदल लेते थे। इसके बाद कार्ड के पिन की जानकारी हासिल कर दूसरे एटीएम से नकदी निकालने या अपने पास मौजूद भारतपे स्वाइप मशीन के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह की गतिविधियां बस्ती, लखनऊ, खलीलाबाद और वाराणसी समेत अन्य जिलों में भी सामने आई हैं। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 317(2), 338, 336(3), 340(2) और 111(2) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Mirzapur News: गंगा की स्वच्छता के लिए मनोज जायसवाल ने की अपील, सभी घाटों पर आरती की मांग
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार (35), राहुल (22), मनीष (22) और आर्यन (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ये सभी हरियाणा के हिसार जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। मनीष का एक अन्य पता दिल्ली के सुल्तानपुरी क्षेत्र का भी बताया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बिट्टू कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों के अलावा राजस्थान में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी है। वहीं, मनीष और राहुल के नाम लखनऊ के चिनहट थाने में दर्ज मामलों में सामने आए हैं। आर्यन का आपराधिक इतिहास सहारनपुर जीआरपी से संबंधित बताया गया है। पुलिस अन्य राज्यों और जनपदों में भी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में थाना कलवारी के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव, उपनिरीक्षक स्वामीनाथ सिंह, रामकुवर और सर्विलांस व थाना कलवारी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बस्ती पुलिस की इस कार्रवाई से एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब बरामद कार्डों, स्वाइप मशीन और आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है, ताकि ठगी के शिकार लोगों और अन्य संभावित घटनाओं की जानकारी जुटाई जा सके।
Location : Basti
Published : 15 October 2026, 3:41 PM IST