अगर वो चारपाई से न उठता तो… बरेली हादसे के इस संयोग को देख हर किसी की आंखें हुई नम, वीडियो वायरल

बरेली के शाही थाना क्षेत्र में जर्जर मकान का छज्जा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से एक बुजुर्ग महिला और उनकी छह वर्षीय नातिन की मौत हो गई, जबकि पास बैठा 10 वर्षीय पोता संयोग से बच गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 July 2026, 8:09 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र के तुरसा गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुराने और जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय 70 वर्षीय नत्थो देवी अपनी छह वर्षीय नातिन दीपांजलि और 10 वर्षीय पोते संदेश के साथ चारपाई पर बैठी थीं। छज्जा गिरते ही नत्थो देवी और दीपांजलि मलबे में दब गईं। घटना के बाद परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पेंसिल लेने गया पोता, टल गया बड़ा हादसा

परिजनों के अनुसार, हादसे से कुछ सेकंड पहले 10 वर्षीय संदेश पढ़ाई के लिए पेंसिल लेने चारपाई से उठकर कुछ दूरी पर चला गया था। इसी दौरान मकान का छज्जा गिर गया। अगर वह वहीं बैठा रहता तो वह भी हादसे की चपेट में आ सकता था। ग्रामीण इसे संयोग मान रहे हैं कि मासूम की जान बच गई।

घर से निकले… और सीधे पहुंचे अस्पताल, गोरखपुर के अमित उर्फ मिंटू के लापता होने की मिस्ट्री सुलझी

ग्रामीणों ने किया राहत कार्य

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नत्थो देवी और दीपांजलि को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलने पर शाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। मामले की जांच भी की जा रही है।

आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो सकी मरम्मत

परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। परिवार खेती और मजदूरी करके अपना गुजारा करता है। मकान काफी समय से जर्जर था, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण उसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी। बताया गया कि मकान का एक हिस्सा पहले ही गिर चुका था और बचा हुआ छज्जा भी कमजोर हालत में था।

प्रधानमंत्री आवास योजना का था इंतजार

ग्राम पंचायत सचिव के अनुसार, मृतका नत्थो देवी का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन लंबित था। वहीं, दीपांजलि की मां सुनीता देवी का नाम स्वीकृत लाभार्थियों की सूची में शामिल है। परिवार लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन सरकारी सहायता मिलने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। छह वर्षीय दीपांजलि गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Location :  Bareilly

Published :  5 July 2026, 8:09 PM IST