Barabanki News: थाने में चल रही थी पंचायत, अचानक गूंज उठी किलकारी, सब देखते रह गए

बाराबंकी के सुबेहा थाने में दो पक्षों के बीच विवाद को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान गर्भवती युवती को अचानक प्रसव पीड़ा हुई और अस्पताल पहुंचने से पहले उसने परिसर में सात माह के बच्चे को जन्म दे दिया। मां और नवजात को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 September 2026, 8:36 AM IST

Barabanki: बाराबंकी के सुबेहा थाने में रविवार को उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद को लेकर पंचायत चल रही थी। पुलिस की मौजूदगी में समझौते की बातचीत चल रही थी, तभी गर्भवती युवती को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने थाने के परिसर में सात माह के प्रीमेच्योर बच्चे को जन्म दे दिया।

थाने में चल रहा था समझौता

जानकारी के मुताबिक सुबेहा निवासी युवती का इसी क्षेत्र के एक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच संबंध के बाद युवती गर्भवती हो गई थी। बताया गया कि परिवार ने कुछ दिन पहले उसकी शादी कोठी क्षेत्र में कर दी थी। शादी के बाद गर्भावस्था की जानकारी सामने आने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बाद में मामले को बातचीत से सुलझाने की कोशिश हुई और सहमति बनी कि प्रसव का पूरा खर्च युवती के प्रेमी और उसका परिवार उठाएगा।

Lucknow Crime: ये कैसी कहानी! घर में पत्नी की लाश, गोद में बच्चा और बाहर घूमता रहा पति

पति, प्रेमी और दोनों परिवार पहुंचे थाने

रविवार को इसी समझौते को लेकर युवती, उसका पति, प्रेमी और दोनों परिवार सुबेहा थाने पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आखिरकार समझौता हो गया। तय धनराशि के लेनदेन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई।

लेकिन तभी अचानक युवती की हालत बिगड़ने लगी और उसे तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।

अस्पताल पहुंचने से पहले थाने में ही जन्म

युवती को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन स्थिति इतनी तेजी से बदली कि थाने के परिसर में ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद मां और नवजात को आनन-फानन में सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया।

Baghpat Accident: अरे ये क्या हो गया! 32 लोग सवार थे और अचानक पलट गई पिकअप, 5 की मौत

सात महीने का प्रीमेच्योर है नवजात

सीएचसी प्रभारी डॉ. जय शंकर पांडेय ने बताया कि नवजात करीब सात महीने का प्रीमेच्योर है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मां और बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहीं, सुबेहा कोतवाल बेचू सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था। इसी दौरान महिला को प्रसव पीड़ा हुई और उसने थाने परिसर में बच्चे को जन्म दे दिया।

थाने में विवाद सुलझाने पहुंचे लोगों ने शायद ही सोचा होगा कि कुछ ही देर में वहां ऐसा अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिलेगा।

Location :  Barabanki

Published :  7 September 2026, 8:36 AM IST