BHU में चमके बलरामपुर के खिलाड़ी, 10 मेडल जीतकर बढ़ाया मान

बलरामपुर की ताइक्वांडो टीम ने वाराणसी स्थित BHU इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक जीतकर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिले में जश्न का माहौल है और उनका जोरदार सम्मान किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 May 2026, 12:35 PM IST

Balrampur : जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन हो तो किसी भी मंच पर परचम लहराया जा सकता है। वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि ने खेल जगत में बलरामपुर का नाम रोशन कर दिया है।

प्रतियोगिता में दमदार भागीदारी

यह प्रतियोगिता 29 अप्रैल से 1 मई तक वाराणसी ताइक्वांडो संघ की ओर से आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर की टीमों ने हिस्सा लिया। बलरामपुर जिले से कुल 10 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में प्रतिभाग किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक अपने नाम किए। इनमें 6 स्वर्ण और 4 रजत पदक शामिल रहे।

खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

सब जूनियर वर्ग में आध्यात्म पाल और हितेंद्र ने स्वर्ण पदक जीतकर बेहतरीन शुरुआत की, जबकि अनमोल मौर्य ने रजत पदक हासिल किया। कैडेट बालक वर्ग में अंश गुप्ता, हरिओम कश्यप और मनीष कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले की झोली भर दी, वहीं अमन पांडे और आदर्श मौर्य ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। कैडेट बालिका वर्ग में सानिया खान ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर पुरुष वर्ग में श्री राम यादव ने रजत पदक हासिल किया।

बलरामपुर बार संघ के रण में आज होगा भाग्य का फैसला, कचहरी में भारी गहमागहमी

सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का स्वागत

प्रतियोगिता से लौटने के बाद पहलवारा स्थित ताइक्वांडो इंडोर हॉल में खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह, डॉ. अब्दुल कयूम और आलोक श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को मेडल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कोच और टीम की सराहना

कार्यक्रम में वक्ताओं ने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की जमकर सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर टीम के कोच कृष्ण कुमार पाल को भी उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

Location :  Balrampur

Published :  3 May 2026, 12:27 PM IST