
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों ने मऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात करीब 10 बजे चार युवक कार से नगरा आए थे। चारों युवक गौवापार के करूमपुरा के रहने वाले थे। नगरा से घर लौटते समय उनकी कार नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के पास पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दैत्यराज बाबा स्थल के समीप एक पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार में सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर हालत में दो अन्य युवकों को मऊ स्थित अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान रात करीब दो बजे उनकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में कार सवार चारों युवकों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान कुनाल (22), धनंजय पटेल (23), अभिषेक पटेल (24) और गोलू ठाकुर के रूप में हुई है। चारों युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन घरों में छठ पर्व की खुशियां थीं, वहां अब मातम का माहौल है।
नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में मृत घोषित किया गया। वहीं, दो अन्य युवकों की हालत गंभीर थी। उन्हें मऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
Location : Ballia
Published : 15 November 2026, 10:01 AM IST
Topics : Ballia Accident News ballia road accident Belthara Road Accident Four Youths Killed Nagara News