
आरोपी दारोगा
Bahraich: बहराइच जिले के रिसिया थाने में तैनात एक दारोगा को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti-Corruption Organization) की टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दारोगा ने एक मुकदमे में कार्रवाई से राहत दिलाने और जेल न भेजने के बदले पीड़ित से रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, रिसिया क्षेत्र के रमवापुर निवासी राम हुकुम मौर्य ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में दारोगा सुभाषचंद्र चौहान उनसे पांच हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। आरोप था कि पैसे न देने पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन देवीपाटन मंडल, गोंडा की टीम ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई की योजना बनाई।
मंगलवार को निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम रिसिया पहुंची। आरोप है कि दारोगा ने पीड़ित को रिश्वत की रकम देने के लिए थाना परिसर स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाया था।
जैसे ही पीड़ित ने पांच हजार रुपये दारोगा को दिए और उन्होंने रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौजूद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार दारोगा सुभाषचंद्र चौहान मूल रूप से गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के टेकुआ गांव के निवासी हैं। वह वर्ष 1994 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और वर्तमान में बहराइच के रिसिया थाने में तैनात थे।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के बाद आरोपी दारोगा के खिलाफ बहराइच देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे के कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
English Keywords:
Location : Bahraich
Published : 9 June 2026, 8:02 PM IST
Topics : Anti Corruption Bureau Bahraich News Bribe case Risiya Police Station Sub Inspector Arrested