Bahraich: पढ़ाई के साथ अपनों का पेट भरता था 12 साल का अनाथ सुनील, मगरमच्छ ने नदी में खींचकर ली जान

बहराइच जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घाघरा नदी के किनारे हाथ-मुंह धोने गए 12 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 17 July 2026, 3:50 PM IST
google-preferred

Bahraich: मुराव गांव में गुरुवार को, 12 साल का सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई के लिए खेत गया था। दिन भर काम करने के बाद, शाम को वह हाथ-मुंह धोने के लिए घाघरा (सरयू) नदी के किनारे गया। वहां नदी किनारे झाड़ियों में छिपा एक मगरमच्छ अचानक उस पर झपट पड़ा। सुनील को कुछ समझ आता, उससे पहले ही मगरमच्छ ने उसे अपने जबड़े में जकड़ लिया और नदी की ओर खींच ले गया।

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के बौंडी पुलिस स्टेशन इलाके के मुराव गांव की यह घटना है। घटना देखकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर दौडे और लड़के को बचाने की कोशिश की। उन्होंने शोर मचाया और मगरमच्छ को भगाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ सुनील को गहरे पानी में खींच ले गया। इस घटना से परिवार और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने देर रात तक नदी के किनारे उसकी तलाश जारी रखी।

यहां भी पढ़ें: Bahraich News: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में पर्यटकों की आवाजाही पर लगेगा ब्रेक, जंगल सफारी पर बड़ा फैसला

देर रात शव मिला

काफी खोजबीन के बाद, ग्रामीणों को रात करीब 10:30 बजे नदी में सुनील का शव मिला। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ ने उसके एक पैर और पेट को बुरी तरह नोच लिया था। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।

सुनील के माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे

ग्रामीणों के अनुसार, सुनील के माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे और वह अपने भाई-बहनों के साथ रहता था। वह माधवपुरवा-करेहना स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ घर के कामों में भी अपने परिवार की मदद करता था।

यहां भी पढ़ें: Bahraich News: पति पर दर्ज हुई हत्या की एफआईआर, जांच में जिंदा मिली पत्नी; प्रेमी के साथ बसा ली नई गृहस्थी

ग्रामीणों में दहशत; सुरक्षा उपायों की मांग

इस घटना ने घाघरा नदी के किनारे रहने वाले लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि वे नदी के किनारे मगरमच्छों की गतिविधियों पर नज़र रखें और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय लागू करें।

Location :  Bahraich

Published :  17 July 2026, 3:50 PM IST

Advertisement