बागपत में करवाचौथ से चंद दिनों पहले एक और बीवी ने करवाया पति का मर्डर, जानें कैसे खुला राज

कोताना गांव में किसान प्रमोद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पत्नी उर्मिला और प्रेमी सिकंदर गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, शराब में नशे की गोलियां मिलाकर किसान की हत्या की गई। जानिए व्हाट्सएप मैसेज और कॉल डिटेल से कैसे खुला राज...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 October 2026, 12:18 PM IST
Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव में किसान प्रमोद (44) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी उर्मिला और बाइक मिस्त्री सिकंदर उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद को पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध कर रहा था। इसी के बाद हत्या की साजिश रची गई। आरोप है कि रामलीला के दौरान प्रमोद को नलकूप पर बुलाया गया, उसकी शराब में नशे की गोलियां मिलाई गईं और फिर सिर पर बोतल से वार कर गला घोंट दिया गया। हत्या के बाद शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।

2024 से चल रहा था प्रेम प्रसंग, पति को हुई जानकारी

पुलिस की जांच के मुताबिक, प्रमोद के मकान के बाहरी हिस्से में बनी दुकान को गांव का ही सिकंदर पिछले करीब तीन साल से किराये पर लेकर बाइक मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान वर्ष 2024 से सिकंदर और प्रमोद की पत्नी उर्मिला के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

आरोप है कि जब प्रमोद खेत पर जाता था और उसके बच्चे पढ़ने चले जाते थे, तब सिकंदर घर में आता-जाता था। कुछ महीने पहले प्रमोद को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई। इसके बाद उसने विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस का दावा है कि इसी विरोध के चलते उर्मिला और सिकंदर ने प्रमोद की हत्या करने की योजना बनाई।

रामलीला के बीच नलकूप पर बुलाया, शराब में मिलाई नशे की गोलियां

पुलिस के अनुसार, रविवार रात उर्मिला और प्रमोद गांव में रामलीला देखने पहुंचे थे। वहां सिकंदर भी मौजूद था। रात करीब साढ़े नौ बजे सिकंदर ने प्रमोद को नलकूप पर साथ चलकर शराब पीने के लिए कहा। दोनों वहां पहुंच गए। आरोप है कि सिकंदर ने प्रमोद की शराब में नशे की गोलियां मिला दीं।

प्रमोद के नशे में होने पर सिकंदर ने बोतल से उसके सिर पर कई वार किए और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद सिकंदर दोबारा रामलीला में पहुंचा और वहां से उर्मिला के साथ घर चला गया।

व्हाट्सएप पर पूछती रही पत्नी, पति की हत्या हुई या नहीं

इस हत्याकांड में व्हाट्सएप पर हुई बातचीत भी पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बनी। पुलिस के अनुसार, उर्मिला रामलीला देखते समय लगातार सिकंदर से मैसेज के जरिए घटना की जानकारी ले रही थी। जब सिकंदर प्रमोद के साथ नलकूप पर था, तब उर्मिला ने उससे पूछा कि उसने प्रमोद को मारा या नहीं।

पुलिस का दावा है कि सिकंदर ने जवाब दिया कि प्रमोद को अभी ज्यादा नशा नहीं हुआ है। इस पर उर्मिला ने पूछा कि वह नशे में क्यों नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद सिकंदर ने मैसेज के जरिए उर्मिला को इसकी जानकारी भी दी।

कॉल डिटेल से खुला राज, पुलिस ने दोनों को पकड़ा

प्रमोद का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बताया गया कि सिकंदर सोमवार सुबह घटनास्थल पर भी पहुंचा था और वहां की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने उर्मिला और सिकंदर की कॉल डिटेल निकलवाई। दोनों के बीच लगातार बातचीत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद उर्मिला और सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया गया। बड़ौत के सीओ अंशु जैन ने बताया कि किसान प्रमोद की हत्या उसकी पत्नी ने साजिश रचकर अपने प्रेमी से कराई। दोनों से पूछताछ जारी है।

पहले चार ग्रामीणों पर जताया गया था शक

प्रमोद का शव मिलने के बाद उसके भाई विनोद ने गांव के पंकज, राहुल, अंकित और मुकेश पर हत्या का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विनोद के मुताबिक, कुछ महीने पहले बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान प्रमोद ने बीच-बचाव कराया था और आरोप है कि पंकज ने उसे मारने की धमकी दी थी।

हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही थी। बाद में सामने आए तथ्यों और कॉल डिटेल के आधार पर जांच की दिशा बदली और पुलिस ने उर्मिला तथा सिकंदर की भूमिका का खुलासा करने का दावा किया।

बेटों ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग

पिता की हत्या के बाद प्रमोद के बेटों अंकुर और आयुष में गहरा आक्रोश है। दोनों ने अपनी मां उर्मिला और सिकंदर के एनकाउंटर की मांग की है। घटना के बाद परिवार में दुख और गुस्से का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Location :  Baghpat

Published :  22 October 2026, 12:18 PM IST