
हजरतपुर-सैजनी मार्ग पर दर्दनाक हादसा
Budaun : बदायूं जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। बहन की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे 25 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल बन गया।
मामला हजरतपुर थाना क्षेत्र का है। जरतौली गांव निवासी कृष्णपाल के बेटे संजीव (25)अपनी छोटी बहन श्रीदेवी की 18 जून को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने गए थे। काम निपटाकर वह मंगलवार शाम अपनी बाइक से घर वापस आ रहा था।
हजरतपुर-सैजनी मार्ग पर असफपुर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद संजीव सड़क पर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों को सूचना दी गई तो घर में कोहराम मच गया। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार पल भर में मातम में डूब गया। सूचना पर पहुंची हजरतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में 18 जून को होनी वाली शादी अब मातम में बदल गई है। एक तरफ घर में शादी के गीत गूंजने थे, दूसरी तरफ अब कफन की तैयारी हो रही है।
Location : Badaun
Published : 6 June 2026, 1:08 PM IST