ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर का आरोप, लखनऊ में अजय राय का सरकार पर सीधा हमला

लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर ब्राह्मण समाज के फर्जी एनकाउंटर और हत्याओं का गंभीर आरोप लगाया, जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 January 2026, 5:58 AM IST

Lucknow: जब किसी समाज की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं, तो मामला सिर्फ राजनीति का नहीं रह जाता, बल्कि कानून-व्यवस्था की साख पर भी आंच आती है। लखनऊ में गुरुवार को कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला, जब खुले मंच से फर्जी एनकाउंटर और हत्याओं का आरोप लगाकर सत्ता को कटघरे में खड़ा कर दिया गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में गरजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ठाकुरगंज के घास मंडी चौराहे स्थित बाबा गोमती दास स्थल पर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ब्राह्मण समाज के लोगों के फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं और बीते करीब 10 वर्षों में 1700 से अधिक ब्राह्मणों की हत्या हो चुकी है।

सरकार पर गंभीर आरोप

अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और खास वर्ग को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में न्याय मिलना चाहिए था, वहां फर्जी एनकाउंटर के नाम पर सच्चाई को दबाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इन मामलों पर चुप्पी साधे हुए है, जो उसकी नीयत पर सवाल खड़े करता है।

कांग्रेस और भाजपा की तुलना

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और भाजपा की नीतियों की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ब्राह्मण समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में ब्राह्मण समाज के लोगों को मुख्यमंत्री तक बनाया गया, जबकि भाजपा केवल चुनाव के समय इस समाज से वोट मांगने का काम करती है। सत्ता में आने के बाद समाज की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

समर्थकों में दिखा जोश

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने अजय राय का जोरदार स्वागत किया। सभा में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और कांग्रेस के साथ खड़े रहने की बात कही।

सियासी माहौल हुआ और गरम

अजय राय के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह आने वाले समय में इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 9 January 2026, 5:58 AM IST