हिंदी
अधिकारियों पर भी उठे सवाल
Raebareli: रायबरेली के ऊंचाहार नगर पंचायत में सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सरकार जहां एंटी लैंड माफिया अभियान चलाकर अवैध कब्जों पर कार्रवाई के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ नगर पंचायत क्षेत्र में खुलेआम सरकारी जमीन पर निर्माण कराने के आरोप लग रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि आरोप किसी आम व्यक्ति पर नहीं, बल्कि एक महिला सभासद के पति पर लगाए गए हैं। मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है।
मामला ऊंचाहार नगर पंचायत के एक वार्ड का बताया जा रहा है, जहां सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर विवाद शुरू हुआ। मजहर गंज निवासी शिकायतकर्ता अनवर हुसैन ने आरोप लगाया है कि वर्तमान सभासद रेखा के पति द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। अनवर के मुताबिक जिस जमीन पर निर्माण हो रहा है वह सार्वजनिक और सरकारी भूमि है, जिस पर पहले भी कब्जे की कोशिश की जा चुकी है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। वर्ष 2018 में भी इसी जमीन पर कथित कब्जे का प्रयास हुआ था। उस समय तत्कालीन ईओ ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया था और अवैध निर्माण को गिरवा दिया गया था।
मामले की शिकायत मिलने के बाद लेखपाल और वर्तमान ईओ सिकंदरादित्य मौके पर पहुंचे। लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय अधिकारी सभासद पक्ष का बचाव करते नजर आए। अनवर हुसैन ने आरोप लगाया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो सभासद प्रतिनिधि अधिकारियों के सामने ही विवाद और झगड़े पर उतारू हो गया, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया।
शिकायतकर्ता अनवर हुसैन का कहना है कि सरकारी जमीन को कब्जाने के लिए प्रशासनिक मिलीभगत का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकारी जमीन है। सभासद के पति ईओ से सांठगांठ करके दोबारा कब्जा कर रहे हैं। पहले भी निर्माण गिराया गया था, लेकिन अब फिर वही खेल शुरू हो गया है।
वहीं इस पूरे मामले पर जब नगर पंचायत ऊंचाहार के ईओ सिकंदरादित्य से बात की गई तो उन्होंने मामले में जांच की बात कही। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी खुलकर कार्रवाई करने से बच रहे हैं और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
Location : Raebareli
Published : 27 May 2026, 2:10 PM IST