अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन: सपा विधायक पूजा पाल को किया निष्कासित, योगी आदित्यनाथ के बारे में बोली थी यह बात

यूपी विधानसभा में ‘विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चर्चा के दौरान सपा की विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीतियों से कई महिलाओं को न्याय दिलाया। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद जैसे अपराधी उनके कारण मारे गए। इस बयान के बाद पूजा पाल को समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या अतीक अहमद के गुर्गों ने की थी, जिसके बाद उन्होंने अपनी न्याय की लड़ाई जारी रखी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 14 August 2025, 2:48 PM IST

Lucknow: समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल को अखिलेश यादव ने पार्टी से निष्कासित कर दिया। दरअसल, पूजा पाल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी। जिससे समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव नाराज हो गए और उन्होंने पूजा पाल को तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया। पूजा पाल ने यूपी विधानसभा में योगी आदित्यनाथ के "विजन डॉक्यूमेंट 2047" मुद्दे पर तारीफ की थी। जिसकी वजह से अखिलेश यादव ने पूजा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। पूजा पाल प्रयागराज के चायल सीट से सपा विधायक हैं।

पूजा पाल ने क्या कहा था?

विधानसभा में विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर चल रही चर्चा के दौरान सपा की विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना की थी। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टॉलरेंस की नीतियां लागू की। जिसके कारण मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय मिला है। अतीक अहमद जैसे अपराधी उनके कारण मारे गए।" उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी आवाज सुनी और न्याय दिलाया, जबकि अन्य लोग अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ने से कतराते थे।

पूजा पाल ने खुलकर की योगी आदित्यनाथ की तारीफ

पूजा पाल ने खुलकर कहा, "मेरे पति की हत्या किसने की, यह सब जानते हैं। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मुझे न्याय दिलाया और मेरी बात सुनी, जब अन्य कोई नहीं सुन रहा था।" विधायक ने कहा कि जब वह थक गई थी और महसूस किया कि कोई अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ नहीं बोल रहा है तो मुख्यमंत्री ने उनकी मदद की और न्याय दिलाया।

अब पूजा पाल हुई निष्कासित

यह बयान पार्टी के अंदर एक विवाद का कारण बना, क्योंकि समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक ध्रुवीकरण काफी गहरा है। पूजा पाल के इस बयान को लेकर पार्टी के भीतर असहमति पैदा हो गई। जिसके परिणामस्वरूप उन्हें निष्कासित कर दिया गया।

राजू पाल की हत्या के बाद पत्नी पूजा पाल ने किया था संघर्ष

विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या 2005 में हुई थी, जब वह अतीक अहमद के खिलाफ चुनावी रंजिश का शिकार हुए थे। राजू पाल ने 2004 के विधानसभा चुनाव में अतीक अहमद के भाई अशरफ को हराया था और इसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण अतीक अहमद के गुर्गों ने उनकी हत्या कर दी थी। उनकी हत्या के बाद पूजा पाल ने अतीक अहमद और उसके गिरोह के खिलाफ आवाज़ उठाई और न्याय की मांग की है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 14 August 2025, 2:48 PM IST