बार-बार बिजली कटौती से हाहाकार, सिंचाई ठप होने पर सूखने लगी मूंग और चरी की फसलें

आगरा के ग्रामीण इलाकों में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई गांवों में केवल 10 से 12 घंटे बिजली मिल रही है। सिंचाई प्रभावित होने से मूंग और चरी की फसलें सूखने लगी हैं, जबकि ट्रिपिंग और कम वोल्टेज से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 3:15 PM IST

Agra: आगरा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई गांवों में ग्रामीणों को प्रतिदिन केवल 10 से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। बार-बार ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं, वहीं किसानों की फसलें भी संकट में आ गई हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने से सिंचाई कार्य समय पर नहीं हो पा रहा, जिससे मूंग और चरी की फसलें सूखने लगी हैं।

बिचपुरी क्षेत्र में 10 से 12 घंटे ही मिल रही बिजली

बिचपुरी क्षेत्र के गांव अंगूठी के पूर्व प्रधान कृष्णवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि पिछले आठ दिनों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांवों में रोजाना केवल 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है। पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खेतों में खड़ी मूंग और चरी की फसलें समय पर पानी न मिलने से सूखने लगी हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।

Agra News: लॉकर की डुप्लीकेट चाबियां, 2 लाख का गोल्ड लोन और एक स्पाई कैमरा; आगरा के इस मामा की पूरी कहानी

हर 15 मिनट में कटौती से बढ़ी परेशानी

लड़ामदा गांव के पूर्व प्रधान कृपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती हो रही है। दिन और रात में करीब हर 15 मिनट बाद बिजली चली जाती है। इससे ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में रात के समय बिजली बाधित होने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। घरेलू कार्यों के साथ-साथ किसानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी खराबी के बाद आपूर्ति बहाल करने में अधिक समय लगने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

एत्मादपुर में अघोषित कटौती से लोग परेशान

एत्मादपुर कस्बे में भी हालात बेहतर नहीं हैं। यहां 24 घंटे में मुश्किल से 16 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से अघोषित बिजली कटौती जारी है। कस्बा निवासी केशव दत्त निमेष, गब्बर खां, सत्यवीर सिंह त्यागी, ओसीद कुमार और नितिन सिंह ने बताया कि लगातार हो रही कटौती से आमजन के साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान है। गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

Instagram वाले दोस्त से हुई लड़ाई तो लगा दी नहर में छलांग, लखनऊ की युवती के साथ आखिर ये क्या हुआ?

नया विद्युत उपकेंद्र भी नहीं दे सका राहत

खंदौली क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से हाल ही में 10 एमवीए क्षमता वाले टाउन विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया गया था। करीब 815 करोड़ रुपये की लागत से बने इस उपकेंद्र का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और भाजपा विधायक डॉ धर्मपाल सिंह ने किया था। दावा किया गया था कि इससे कस्बे सहित चार गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी, लेकिन उपकेंद्र चालू होने के बाद भी हालात में कोई खास सुधार दिखाई नहीं दिया। शनिवार को पूरे दिन बिजली आपूर्ति बाधित रही और लगातार ट्रिपिंग होती रही। कस्बा निवासी रिंकू जिंदल, राजेश गुप्ता, विजय अग्रवाल और प्रवीन चौधरी ने बताया कि नया उपकेंद्र शुरू होने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

कम वोल्टेज और ट्रिपिंग पर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

क्षेत्र में कम वोल्टेज और लगातार ट्रिपिंग की समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। प्रधान चौधरी हिम्मत सिंह और अन्य ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि कम वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर, फ्रिज और मोटर जैसे उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। उपखंड अधिकारी शीलवंत सिंह ने आश्वासन दिया कि कम वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।

Location :  Agra

Published :  24 May 2026, 3:15 PM IST