Agra News: लॉकर की डुप्लीकेट चाबियां, 2 लाख का गोल्ड लोन और एक स्पाई कैमरा; आगरा के इस मामा की पूरी कहानी

आगरा के कालिंदी विहार में एक मामा ने अपनी ही भांजी के घर में डुप्लीकेट चाबी से लाखों की चोरी की। स्पाई कैमरे की मदद से कैसे खुला इस शातिर चोरी का राज, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 May 2026, 1:10 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी मामा ने अपनी ही भांजी के भरोसे का खून कर दिया। घर की देखरेख के बहाने आने वाले मामा ने अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां बनवाकर लाखों के जेवर पार कर दिए।

लेकिन, शातिर मामा को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसकी हर हरकत पर भांजी की 'तीसरी आंख' यानी खुफिया स्पाई कैमरे की नजर थी। स्पाई कैमरे की फुटेज सामने आते ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है।

भरोसे की आड़ में खेल: ऐसे रची गई चोरी की स्क्रिप्ट

यह पूरा मामला आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार का है। यहाँ रहने वाली ममता गौतम ने पुलिस को बताया कि रिश्ते में उनके मामा लगने वाले मोनू गौतम (निवासी: पार्वती विहार) का उनके घर अक्सर आना-जाना था। परिवार मोनू पर इस कदर भरोसा करता था कि जब भी वे लोग बाहर जाते, घर की चाबी मोनू को ही सौंप देते थे।

Road Accident: फरेंदा में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल, जिला अस्पताल रेफर

इसी अटूट भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी मोनू ने घर की अलमारी और लॉकर की तीन डुप्लीकेट चाबियां बनवा लीं। इसके बाद जब भी परिवार बाहर जाता, मोनू चुपके से घर में घुसता और धीरे-धीरे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी साफ करने लगा।

जब उड़ने लगे जेवर, तो भांजी ने बिछाया 'स्पाई कैमरे' का जाल

पीड़िता के अनुसार, वह 23 अप्रैल को अपने बेटे के साथ बाहर गई थीं और हमेशा की तरह घर की चाबी मोनू को सौंप गई थीं। इसके बाद 26 अप्रैल की रात आरोपी मोनू डुप्लीकेट चाबी की मदद से घर में दाखिल हुआ और अलमारी खोलकर जेवर तलाशने लगा। हालांकि, वह इस बात से पूरी तरह अनजान था कि कमरे में स्पाई कैमरा चालू है। बाद में जब पीड़िता के बेटे आदेश ने कैमरे की फुटेज चेक की, तो आरोपी मामा की पूरी करतूत बेनकाब हो गई।

प्रयागराज से मेरठ के बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर यूपी रोडवेज बस सेवा आज से शुरू, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

चोरी के जेवरों पर लिया 2 लाख का 'गोल्ड लोन'

शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोनू गौतम को कालिंदी विहार के 80 फुटा रोड (सी ब्लॉक) से गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद पुलिस पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने कबूला कि उसने सबसे पहले मौका पाकर अलमारी से सोने की दो अंगूठियां चुराई थीं और जब उसका हौसला बढ़ा, तो उसने अलमारी की तीन डुप्लीकेट चाबियां बनवा लीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने चोरी की एक सोने की चेन और अंगूठी को IIFL फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर उस पर करीब 2 लाख रुपये का गोल्ड लोन भी उठा लिया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने के जेवर, तीन डुप्लीकेट चाबियां और 2600 रुपये नकद बरामद किए हैं, जिसमें बरामद जेवरों की कुल कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे गए जेवरों को भी सीज करवा दिया है और रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Location :  Agra

Published :  18 May 2026, 1:10 PM IST