मैनपुरी में एक युवक द्वारा मृत भाई के नाम से लेखपाल की नौकरी करने और पत्नी पर अत्याचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने डीएम से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने डीएम से की शिकायत
Mainpuri: अगर कोई मर जाए और उसकी जगह कोई और सरकारी नौकरी करने लगे तो इसे सिर्फ धोखाधड़ी नहीं बल्कि सिस्टम के साथ किया गया खुला अपराध कहा जाएगा। मैनपुरी जिले से सामने आया यह मामला न सिर्फ चौंकाने वाला है, बल्कि सरकारी भर्ती प्रक्रिया, दस्तावेज़ों की जांच और प्रशासनिक निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। यहां एक युवक ने अपने मृत भाई के नाम से लेखपाल पद की नौकरी हासिल कर ली और सालों तक सिस्टम को चकमा देता रहा।
मृत भाई के नाम पर जिंदा नौकरी
मामला मैनपुरी सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हंसनगर निवासी अखिलेश कुमार से जुड़ा है। आरोप है कि 11 फरवरी 2016 की रात उसके भाई अनिल कुमार ने जहर खा लिया था, जिसके बाद सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 12 फरवरी 2016 को इटावा में पोस्टमार्टम हुआ। मौत से पहले अनिल कुमार लेखपाल की परीक्षा पास कर चुका था। उसकी मौत के बाद जब नियुक्ति पत्र घर पहुंचा, तभी इस पूरे फर्जीवाड़े की नींव पड़ी।
आधार बदला, नाम बदला, पहचान बदली
आरोप है कि अखिलेश कुमार ने कूट रचित तरीके से अपने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में मृत भाई अनिल कुमार का नाम दर्ज करा लिया। इसके बाद 1 जून 2016 को उसने मृतक भाई के नाम से लेखपाल पद पर ज्वाइनिंग कर ली। वर्तमान में वह तहसील करहल, जिला मैनपुरी में अनिल कुमार के नाम से तैनात है। इस पूरे फर्जीवाड़े में उसकी मां अंगूरी देवी की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।
पत्नी बनी विरोध की आवाज
इस धोखाधड़ी का विरोध घर के अंदर से ही शुरू हुआ। अखिलेश की पत्नी सुबीना देवी ने जब इस फर्जी नौकरी पर सवाल उठाए तो उसे चुप कराने के लिए गाली-गलौज, मारपीट और धमकियों का सहारा लिया गया। आरोप है कि अखिलेश ने कहा कि अगर उसकी नौकरी गई तो वह सुबीना देवी, उसके पिता और भाइयों को जिंदा नहीं छोड़ेगा।
SIR मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा- चुनाव आयोग का झंडा भाजपाइयों के घर लगा दो
कैद, पिटाई और जान से मारने की कोशिश
सुबीना देवी का आरोप है कि 28 अप्रैल 2024 की रात अखिलेश ने अपनी मां के साथ मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और दो दिनों तक घर में बंद रखा। बाहर से ताला डाल दिया गया। बिना खाना-पानी के वह तड़पती रही। किसी तरह जान बचाकर वह फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पिता के घर पहुंची।
डीएम से शिकायत, जांच की मांग
अब सुबीना देवी ने जिलाधिकारी मैनपुरी से पूरे मामले की लिखित शिकायत की है। उसने मृतक के नाम से नौकरी कर रहे लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नौकरी समाप्त करने और कानूनी कार्यवाही की मांग की है।