
डीएम समेत 14 IAS अधिकारियों के तबादले
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 14 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों की घोषणा की है। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, दीपक कुमार को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ कृषि उत्पादन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन का अतिरिक्त कार्यभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार, हरदोई के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को बलिया का भी जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। बलिया के वर्तमान जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार को अब उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) में संयुक्त प्रबंध निदेशक की भूमिका निभाने के लिए स्थानांतरित किया गया है।
Transfer's List
हरदोई जिले की कमान अब अनुनय झा को सौंपी गई है। वहीं, रवीन्द्र कुमार-1 को महराजगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अयोध्या में मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत संतोष कुमार शर्मा को विशेष सचिव, संस्कृति विभाग एवं निदेशक, धर्मार्थ कार्य के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी, सिद्धार्थनगर के पद पर जयेन्द्र कुमार की तैनाती बरकरार रखी गई है। गोरखपुर में मृणाली अविनाश जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट की नई जिम्मेदारी दी गई है। ज्ञानेन्द्र सिंह को भी नगर क्षेत्र के जल निगम में संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
पीलीभीत के जिलाधिकारी के पद पर संजय कुमार सिंह यथावत कार्य करते रहेंगे। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष के रूप में अपूर्वा दुबे को भेजा गया है, जबकि बुलंदशहर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कुलदीप मीणा की तैनाती हुई है।
इसके अलावा, निशा को मथुरा का संयुक्त मजिस्ट्रेट और प्रेरणा शर्मा को निदेशक, सूडा बनाया गया है। साथ ही उन्हें उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
इस बड़े फेरबदल के पीछे सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना और शासन की योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना बताया जा रहा है।
Location : Lucknow
Published : 21 May 2025, 8:00 AM IST
Topics : Ayodhya Teerth Vikas Parishad Chief Development Officer UP District Magistrate appointment IAS officer transfer Uttar Pradesh administrative reshuffle