गोरखपुर महिला हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर में महिला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग से जुड़ी इस वारदात में चाकू, तमंचा और मृतका का मंगलसूत्र बरामद हुआ है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 May 2026, 6:37 AM IST

Gorakhpur : महिला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना एम्स पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और मृतका का मंगलसूत्र बरामद किया गया है।

आरोपी की पहचान और पृष्ठभूमि

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजधारी यादव पुत्र रघुनाथ यादव के रूप में हुई है। यह बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बोधरवा मैनागढ़ गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूपुर स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। उसके खिलाफ थाना एम्स में हत्या का मुकदमा दर्ज था।

जांच और पुलिस ऑपरेशन

यह कार्रवाई एसएसपी गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में चलाए जा रहे महिला अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय और स्वॉट प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय की टीम ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया।

गोरखपुर से बड़ी खबर : घर में झगड़े के बाद युवक ने कुएं में लगाई छलांग, चला रेस्क्यू ऑपरेशन

प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का महाराजगंज निवासी एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात गोरखपुर में काम के दौरान एक परिचित के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे थे, लेकिन बाद में महिला के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर विवाद बढ़ने लगे।

हत्या की साजिश और वारदात

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला को बिहार घुमाने ले गया था। लौटने के बाद 5 मई की रात उसने महिला को गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर ले जाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी केस बढ़ा दिया है। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 May 2026, 6:36 AM IST