Prayagraj Temple Collapse: प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा गिरा, मची अफरा-तफरी

प्रयागराज में एक बड़ा हादसा हुआ, जब जॉर्ज टाउन स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंज़िला हिस्सा निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गया। आशंका है कि भारी बारिश और खुदाई वाली जगह पर पानी जमा होने से मिट्टी और नींव कमज़ोर हो गई थी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 August 2026, 9:47 AM IST

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत रही कि हादसे के वक्त मंदिर के उस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मंदिर के पीछे चल रहा था निर्माण कार्य, गड्ढे में भर रहा था पानी

जानकारी के मुताबिक, स्वामीनारायण मंदिर के पीछे पिछले तीन-चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए मंदिर के पीछे काफी बड़ा गड्ढा खोदा गया था।

लगातार हो रही बारिश के कारण इस गड्ढे में पानी भर रहा था। बारिश की वजह से पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य भी बंद था।

आशंका जताई जा रही है कि गड्ढे में पानी भरने और मिट्टी खिसकने के कारण मंदिर के पीछे की जमीन कमजोर हो गई। इसका असर मंदिर की नींव पर पड़ा और देर रात अचानक मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा गिर गया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

मंदिर का हिस्सा गिरते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही जॉर्ज टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के क्षेत्र की जांच की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते मंदिर का बड़ा हिस्सा निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में समा गया।

Location :  Prayagraj

Published :  29 August 2026, 9:47 AM IST