देवरिया में वीएचएसएनडी सत्र: सीएमओ ने स्तनपान पर दिया विशेष जोर, महिलाओं को दिए अहम सुझाव

देवरिया के पथरदेवा ब्लॉक स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बजरिया में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, बच्चों का टीकाकरण और स्तनपान के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने जन्म के एक घंटे के भीतर कोलोस्ट्रम पिलाने और छह माह तक केवल मां का दूध देने पर जोर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 3:33 PM IST

Deoria: मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में गुरुवार को पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बजरिया में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) का आयोजन किया गया। पेशेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफॉर्म (पीएसपी) के सहयोग से आयोजित इस सत्र में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान की गई और बच्चों के नियमित टीकाकरण के साथ धात्री महिलाओं को स्तनपान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने किया।

सीएमओ ने परखी व्यवस्थाएं, स्वास्थ्य टीम की सराहना

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने सत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सीएचओ तथा पीएसपी सदस्यों द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध दवाओं, लॉजिस्टिक व्यवस्था और लाभार्थियों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान कराने की दी सलाह

सीएमओ ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सबसे सुरक्षित, पौष्टिक और संपूर्ण आहार है। उन्होंने जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को पहला पीला गाढ़ा दूध यानी कोलोस्ट्रम अवश्य पिलाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कोलोस्ट्रम शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और कई गंभीर संक्रमणों से बचाव करता है। साथ ही उन्होंने छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देने की सलाह दी।

महिलाओं को समझाई गई सही स्तनपान की विधि

एएनएम सत्या देवी ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि जन्म के बाद पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए। इस दौरान पानी, शहद, घुट्टी या किसी भी प्रकार का पूरक आहार देने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने महिलाओं को सही तरीके से स्तनपान कराने की प्रक्रिया भी समझाई, ताकि शिशु को पर्याप्त पोषण मिल सके और उसका समुचित विकास हो।

पीएसपी के सहयोग से चला जागरूकता अभियान

आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बजरिया में सीएचओ अजय के नेतृत्व में ग्राम प्रधान, एएनएम, शिक्षक, कोटेदार, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा फाइलेरिया मरीजों के सहयोग से पेशेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफॉर्म का गठन किया गया है। इसी मंच के माध्यम से टीकाकरण सत्र के दौरान धात्री महिलाओं को स्तनपान, पोषण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल, सीएचओ अजय, आशा पूनम देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता चौरसिया, सहायिका सुनीता, बिंदू देवी, सुभावती सहित अन्य लाभार्थी मौजूद रहे।

Location :  Deoria

Published :  6 August 2026, 3:33 PM IST