होटल में चेक-इन करने का बदला अंदाज: नहीं देनी होगी Aadhaar की फोटोकॉपी, जानें अब कैसे मिलेगा कमरा

होटल चेक-इन के नियम बदले! अब Aadhaar Card की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं। QR कोड और OTP से होगा फास्ट डिजिटल वेरिफिकेशन। जानें कैसे सुरक्षित रहेगा आपका पर्सनल डेटा और बचेगा समय।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 August 2026, 11:49 AM IST

New Delhi: अगर आप अक्सर ट्रैवल करते हैं और होटलों में रुकते हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है। अब होटल के रिसेप्शन पर पहचान पत्र जमा करने या फोटोकॉपी की दुकान तलाशने की झंझट खत्म होने जा रही है। जल्द ही देश भर के होटलों में चेक-इन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और संपर्क रहित होने वाली है।

फोटोकॉपी का झंझट खत्म, ऐप से होगा काम

अब तक होटल में कमरा लेते समय Aadhaar कार्ड की फिजिकल फोटोकॉपी देना लगभग अनिवार्य माना जाता था। लेकिन नई व्यवस्था के तहत मेहमानों को अब कागज के पन्ने थमाने की जरूरत नहीं होगी। इसके बजाय स्मार्ट ऐप-बेस्ड डिजिटल वेरिफिकेशन सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिससे आपका चेक-इन महज कुछ ही सेकेंडों में पूरा हो जाएगा।

QR कोड और OTP से होगी तुरंत पुष्टि

होटल रिसेप्शन पर पहुंचते ही आपको अपने Aadhaar ऐप में उपलब्ध QR कोड को स्कैन कराना होगा। सुरक्षा की दूसरी परत के तौर पर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। इस OTP को दर्ज करते ही आपकी पहचान की तुरंत पुष्टि हो जाएगी ठीक उसी तरह जैसे आप डिजिटल पेमेंट या ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करते हैं।

बार-बार चार्ज करने की झंझट खत्म! दमदार फीचर्स के साथ 26 अगस्त को भारत में धूम मचाएगा Realme का नया स्मार्टफोन

डेटा प्राइवेसी और सुरक्षा में बड़ा सुधार

कागजी फोटोकॉपी जमा करने पर हमेशा आपकी निजी जानकारी लीक होने का खतरा बना रहता था। पन्नों पर दर्ज नाम, पता और नंबर लंबे समय तक रिसेप्शन पर रखे रहने से डेटा प्राइवेसी पर सवाल उठते थे। नए डिजिटल तरीके से होटल के पास आपका निजी डेटा स्टोर नहीं होगा, जिससे आपकी संवेदनशील जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।

समय की बचत और पर्यावरण को फायदा

डिजिटल वेरिफिकेशन से न सिर्फ यात्रियों का कीमती समय बचेगा और चेक-इन काउंटर की लाइनें छोटी होंगी, बल्कि कागजों का इस्तेमाल खत्म होने से पर्यावरण को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों को अब यात्रा के दौरान पहचान पत्र खो जाने या उसकी प्रतियां संभाल कर रखने का तनाव नहीं झेलना पड़ेगा।

Location :  New Delhi

Published :  27 August 2026, 11:49 AM IST