
पूणे: बस हो या ट्रेन, इस देश में महिलाओं के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करना कई बार अनसेफ साबित होता है। अब पुणे से एक बस का वीडियो सामने आया है जिसमें एक महिला नशे में धुत एक शख्स को थप्पड़ पर थप्पड़ मारती नज़र आ रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, इस शख्स ने बस में महिला के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद महिला ने तुरंत एक्शन लिया और शख्स पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। रिपोर्ट्स की मानें तो महिला शिर्डी के एक स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर हैं, जिनका नाम प्रिया लश्करा हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रिया लगातार शख्स को थप्पड़ मार रही हैं और साथ उन्होंने उसका कॉलर भी पकड़ा हुआ है। काफी देर तक महिला नशे में धुत व्यक्ति को मारती रहीं लेकिन बस में सवार किसी ने भी महिला को रोकने की कोशिश नहीं की और न ही कोई बात कही। काफी देर बाद बस कंडक्टर ने बीच में आकर मामला शांत करवाया। जिसके बाद महिला ने बस को पुलिस स्टेशन ले जाने की मांग की। बता दें कि बाद में युवक को शनिवार पेठ पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
अब सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों का कहना है कि महिला को इतना मारने की क्या ज़रूरत थी, तो वहीं कुछ लोगों ने महिला की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को इसी तरह सबक सिखाना चाहिए।
Published : 20 December 2024, 3:06 PM IST
Topics : crime news pune molestation news pune bus woman molestation woman slaps drunk man बस में महिला से छेड़छाड़ महिला से छेड़छाड़