Karnataka New CM: कौन बनेगा कर्नाटक का सीएम? दिल्ली में बैठकों का दौर और मंथन जारी, शिवकुमार भी पहुंचे, जानिये ये अपडेट

कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया को लेकर कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व अभी तक कोई फैसला नहीं ले पाया है। डीके शिवकुमार भी दिल्ली पहुंच गये हैं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 16 May 2023, 1:38 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया से कड़े मुकाबले के बीच कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार मंगलवार को दिल्ली पहुंच गये हैं। वहीं, सिद्धरमैया सोमवार से दिल्ली में हैं। कांग्रेस की केंद्रीय नेतृत्व कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री को लेकर मंथन में जुटा हुआ है। माना जा रहा है कि आज शाम तक कर्नाटक के सीएम का ऐलान हो सकता है। 

कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुनने के लिए मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पार्टी नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ मंत्रणा कर रहे हैं।

खरगे के आवास पर जारी बैठक में उनके और राहुल गांधी के अलावा पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और कुछ अन्य नेता मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे शिवकुमार और सिद्धरमैया को कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया है। हालांकि, शिवकुमार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय राजधानी के अपने दौरे को सोमवार शाम को रद्द कर दिया था जिससे ये अटकलें लगायी गयीं कि पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं है।

डी के शिवकुमार मंगलवार सुबह बेंगलुरु से सीधे दिल्ली पहुंचे। दिल्ली रवाना होने से पहले अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत में शिवकुमार ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के महासचिव ने मुझे अकेले आने का निर्देश दिया है, मैं अकेले दिल्ली जा रहा हूं। मेरा स्वास्थ्य अच्छा है।’’
मुख्यमंत्री पद के चुनाव के लिए नव निर्वाचित विधायकों से बातचीत करने वाले कांग्रेस के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को इसकी जानकारी दी और सोमवार को अपनी रिपोर्ट सौंपी।

कांग्रेस विधायक दल ने रविवार को बेंगलुरु में एक होटल में हुई बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया था।

मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच कड़ा मुकाबला है। कांग्रेस ने 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में 135 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है।

Published : 
  • 16 May 2023, 1:38 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement